वाराणसी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गूरुवार को वाराणसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा, “उनसे बोलिए एक बार बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर आएं। उन्हें सद्बुद्धि मिल जाएगी। बार-बार ट्वीट करके टेंट सिटी और काशी के पर्यटन का माहौल न ख़राब करें।
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि जाति-धर्म के नाम पर वर्चस्व बनाने का काम खत्म होने वाला है। तेलंगाना में भी 2024 से पहले विधानसभा चुनाव होने हैं। हमें 400 से भी ज्यादा सीटें लानी हैं। ऐसे में वहां पर भी हमारी सरकार आने वाली है।
फेडरेशन के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं: केशव मौर्य
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर लगे आरोपों पर पूछने पर उन्होंने कहा, “मैं इस बारे में कुछ नहीं जानता। मुझे फेडरेशन के बारे में कुछ जानकारी नहीं है। इस बारे में जो भी फैसला होगा, वह केंद्र सरकार करेगी। यह मामला देश से जुड़ा है।”
राहुल गांधी पर कसा तंज
केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने एक ऐसे परिवार में जन्म लिया। जिसने देश में परिवारवाद को बढ़ावा दिया। जिन्हें देश के बारे में कोई जानकारी नहीं है। वे भारत जोड़ने की यात्रा कर रहे हैं। भारत जोड़ो से अच्छा होता कि वे भारत को जानने की यात्रा निकालते। 2024 में हमें 400 सीटें जीतकर हम बहुमत से सरकार बनाएंगे।”
बता दें कि वाराणसी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिवसीय दौरे पर हैं। नड्डा दूसरी बार अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार काशी आ रहे हैं। ऐसे में उनके स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। पूरे शहर को भगवा रंग में रंग दिया गया है। कार्यकर्ताओं का हुजुम एअरपोर्ट पर ही स्वागत के लिए निकल पड़ा है। नड्डा शाम 7 बजे वाराणसी के बाबतपुर एअरपोर्ट पर पहुचेंगे। यहां से वे काशी विश्वनाथ दरबार में शीश नवाएंगे। इसके बाद सर्किट हाउस में रात्री विश्राम करेंगे। बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष शुक्रवार को एक चुनावी कार्यक्रम के लिए गाजीपुर रवाना हो जाएंगे।

