Weather: दिसंबर की दस्तक के साथ ही उत्तर प्रदेश में सर्दी ने रफ्तार पकड़ ली है। बीते दो दिनों से पछुआ हवाओं का दबदबा बढ़ने लगा, जिसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रविवार को दिनभर 25–30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहीं, जिससे कई जिलों में गलन महसूस की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में पश्चिमी यूपी में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट संभव है। सोमवार से ठंड और तेज फील होगी।
प्रदेश में ठंड की पहली तेज दस्तक
रविवार को बरेली 8°C तापमान के साथ सबसे अधिक ठंडा रहा। इटावा में रात का पारा 9.4°C और नजीबाबाद में 9.5°C तक रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र (Weather) के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, आगामी दिनों में उत्तरी पछुआ हवाएं पूरे प्रदेश में प्रभाव दिखाएंगी। मंगलवार सुबह तराई सहित ज्यादातर क्षेत्रों में हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है।
Weather: लखनऊ में हवाओं ने बढ़ाई कंपकंपी
राजधानी में रविवार का दिन पछुआ हवाओं के नाम रहा। धूप की गर्माहट कम पड़ गई और दिन का तापमान (Weather) करीब 1.1°C गिरकर 26.6°C हो गया। शाम ढलते ही गलन और बढ़ी तथा शनिवार के मुकाबले रात भी ज्यादा सर्द महसूस हुई।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में अगले 2–3 दिनों तक तापमान में और गिरावट का दौर जारी रहेगा। वैज्ञानिकों के अनुसार, थर्मामीटर 2 से 4 डिग्री और नीचे जा सकता है, जिससे सर्दी का असर और बढ़ेगा।
रात का तापमान भी मामूली बढ़कर 12.8°C दर्ज हुआ, लेकिन हवा की तीखी सिहरन (Weather) ने लोगों को गर्म कपड़ों की ओर जल्दी लौटने पर मजबूर कर दिया।

