Weather News: उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में गर्मी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को राजस्थान के श्रीगंगानगर ने देश का सबसे गर्म स्थान बनने का रिकॉर्ड कायम रखते हुए 47.3°C तापमान दर्ज किया। इसके साथ ही दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा और ओडिशा के कई शहर भी लू की चपेट में हैं। इन छह राज्यों के 18 शहरों में पारा 45°C को पार कर गया है।
उत्तर प्रदेश के झांसी और आगरा में 45.9°C तापमान दर्ज हुआ, जो देश में श्रीगंगानगर के बाद सबसे अधिक रहा। मौसम विभाग (Weather News) ने यूपी के 19 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। पछुआ हवाओं के चलते फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं है, हालांकि 11 जून के बाद पूर्वांचल से शुरू होकर बूंदाबांदी के आसार जताए गए हैं।
Weather News: 6 राज्यों में लू और हीट वेव का असर जारी
राजस्थान में तो हालात और भी चिंताजनक हैं। जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, पाली, जालोर और सिरोही में रेड अलर्ट जारी किया गया है। लगातार दूसरे दिन गंगानगर में तापमान 47 डिग्री से ऊपर रहा, जिससे आमजन बेहाल हैं।
दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में भी हीट वेव का असर जारी है। दिल्ली में तापमान 45°C तक पहुंच सकता है। हरियाणा के सिरसा में सोमवार को पारा 46.4°C पर पहुंचा, वहीं फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और रोहतक में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के समराला में 46.1°C तापमान (Weather News) रिकॉर्ड हुआ है, जहां बीते 24 घंटे में औसतन 1.2°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी गर्मी से राहत नहीं है। आने वाले तीन दिन तापमान और बढ़ सकता है, जिससे गर्मी और अधिक झेलनी पड़ेगी। हालांकि, 13 जून को वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने की संभावना है, जिससे मामूली राहत मिल सकती है।
इस बीच असम में हालात गर्मी से उलट हैं, जहां बाढ़ का कहर अभी भी बना हुआ है। राज्य के 1.63 लाख लोग अब भी बाढ़ प्रभावित हैं। हालांकि नदियों का जलस्तर अब खतरे के निशान (Weather News) से नीचे है, फिर भी इस साल बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है।