WFI Election: भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष पद की दावेदारी के लिए वाराणसी के एक पहलवान ने दावेदारी की है। वाराणसी के संजय सिंह बबलू ने इस पद के लिए आवेदन किया है। संजय निवर्तमान कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के काफी करीबी माने जाते हैं। वे इससे पूर्व बृजभूषण की टीम का हिस्सा भी रहे हैं। साथ ही भी भारतीय कुश्ती संघ के संयुक्त सचिव का पद संभाल चुके हैं। संजय वर्तमान में कुश्ती संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष व वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष पद (WFI Election) के लिए संजय ने दिल्ली स्थित भारतीय ओलंपिक संघ के कार्यालय जाकर नामांकन किया. इसके साथ ही संजय बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के नई दिल्ली स्थित कोठी गए और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान संजय ने जीत का दावा किया और कहा कि 12 अगस्त को देश के 25 राज्यों के 42 मतदाता नए अध्यक्ष का चुनाव करेंगे। हमें सभी का समर्थन मिल रहा है।
WFI Election: नामांकन से पहले बैठक
वाराणसी कुश्ती संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव सिंह रानू ने कहा कि नामांकन पत्र दाखिल (WFI Election) करने से पहले समर्थन जुटा लिया गया है। रविवार की देर रात दिल्ली में बैठक भी हुई। थी। इसमें कई राज्यों के अधिकृत मतदाताओं ने हिस्सा लिया था। कुश्ती संघ का स्वर्णिम दौर जारी रहे, इसके प्रयास किए जा रहे हैं। संजय सिंह बबलू के पास कुश्ती संघ में काम करने का लंबा अनुभव है।
संजय सिंह ने तैयार कर की पूरी टीम
संजय सिंह ने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष पद के नामांकन के साथ ही अपनी पूरी टीम तैयार कर ली है। उनके साथ कई राज्यों के उम्मीदवार उनकी टीम में शामिल हैं। महासचिव पद के लिए चंडीगढ़ के दर्शनलाल, संयुक्त सचिव के लिए कर्नाटक के जीआर शेट्टी और कोषाध्यक्ष के लिए उत्तराखंड के एसपी देसवाल का नाम संजय सिंह की टीम में शामिल है।

लंबे समय से विवादों में रहा WFI, अब हो रहा चुनाव
गौरतलब है कि भारतीय कुश्ती संघ पिछले कुछ महीनों से बृजभूषण शरण सिंह के कारण विवादों में फंस गया था। इसे लेकर पूरे देश की राजनीति में बवाल मचा हुआ था। हरियाणा व पंजाब के कई पहलवान नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठ गए थे। इसके बाद चुनाव का फैसला हुआ।
दुर्गाकुंड में रहता है परिवार
संजय सिंह बबलू मूल रूप से चंदौली जिले के लाँदा झांसी के रहने वाले हैं, लेकिन लंबे समय से परिवार के साथ वाराणसी के दुर्गाकुंड में रहते हैं। गांव के अखाड़ों में कुश्ती के दांवपेंच सीखने वाले संजय को कुश्ती विरासत में मिली है। बताया जा रहा है कि उनके दादा और पिता भी पहलवान थे।
काशी में कुश्ती की बेहतरी का प्रयास
संजय सिंह ने वाराणसी कुश्ती संघ (WFI Election) की बेहतरी के प्रयास भी किए हैं। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साई का सेंटर कज्जाकपुरा स्थित आखाड़ा गया सेठ में है। प्रशिक्षण के लिए मेघ पहलवान व्यायामशाला और सत्यनारायण व्यायामशाला कछवां में गैर छात्रावास केंद्र भी खोले गए हैं।
Highlights
कल होगी नामांकन पत्रों की जांच
भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव (WFI Election) के लिए नामांकन पत्रों की जांच बुधवार को होगी। बृहस्पतिवार को नाम वापस लिए जा सकेंगे। सात अगस्त को वैध प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। 12 अगस्त को मतदान के बाद मतगणना होगी। इसी दिन विजेताओं के नाम का एलान किया जाएगा। चुनाव अधिकारी जम्मू एंड कश्मीर हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एमएम कुमार हैं।