लखनऊ। योगी सरकार ने शहीद सैनिकों के आश्रित भाई को अनुकंपा नियुक्ति का अधिकार देने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। सोमवार को कैबिनेट में बाई सर्कुलेशन के जरिए इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस बदलाव से उन परिवारों को राहत मिलेगी, जहां शहीद सैनिक अविवाहित थे या उनकी पत्नी अनुकंपा नियुक्ति के योग्य नहीं थी।
वहीं, सरकार ने गन्ने के मूल्य में कोई बढ़ोतरी नहीं की, जिससे प्रदेश के 50 लाख गन्ना किसानों को झटका लगा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए गन्ने का राज्य परामर्शित मूल्य (SAP) 370 रुपए प्रति क्विंटल ही रहेगा।
शहीद सैनिकों के आश्रित भाइयों को मिलेगा अनुकंपा नियुक्ति का लाभ
सैनिक कल्याण विभाग के अनुसार, यूपी के मूल निवासी शहीद सैनिकों के आश्रित भाई अब सरकारी अनुकंपा नौकरी के पात्र होंगे। कई ऐसे मामले आए हैं, जहां शहीद सैनिक अविवाहित थे और उनके छोटे या बड़े भाई पूरी तरह उन पर आश्रित थे। कुछ मामलों में शहीद सैनिक की विधवा पत्नी ने उनके छोटे भाई से विवाह कर लिया, जिससे छोटे भाई को परिवार का भरण-पोषण करना पड़ा। इस प्रकार की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, सरकार ने अनुकंपा नियुक्ति नियमों में बदलाव किया है।
गन्ना किसानों को झटका, लगातार दूसरे साल भी नहीं बढ़ा रेट
योगी सरकार ने गन्ना किसानों को कोई राहत नहीं दी और गन्ने के मूल्य में कोई बढ़ोतरी नहीं की। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने घोषणा की कि प्रदेश में चीनी मिलों द्वारा खरीदे जाने वाले गन्ने का मूल्य 370 रुपए प्रति क्विंटल ही रहेगा।
गन्ने के मूल्य में पिछले चार वर्षों में मामूली बढ़ोतरी
वित्तीय वर्ष | गन्ने का मूल्य (रुपए प्रति क्विंटल) |
---|---|
2021-22 | 350 |
2022-23 | 350 |
2023-24 | 370 |
2024-25 | 370 (कोई बढ़ोतरी नहीं) |
गन्ना किसानों को उम्मीद थी कि सरकार SAP में वृद्धि करेगी, लेकिन लगातार दूसरे साल भी कोई बदलाव नहीं हुआ।
अन्य महत्वपूर्ण फैसले: कई विकास परियोजनाओं को मंजूरी
1. अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग का विस्तार
- लक्ष्मण पथ को शामिल करते हुए 30.643 किलोमीटर लंबे मार्ग का चौड़ीकरण और विस्तारीकरण किया जाएगा।
2. आजमगढ़ में पुल निर्माण को मंजूरी
- घाघरा नदी पर हाजीपुर खडेलिया-गोला बाजार मार्ग पर ब्रिज और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए मंजूरी दी गई।
3. वाराणसी में सड़कों का चौड़ीकरण
- लहरतारा से बीएचयू, रवींद्रपुरी कॉलोनी होते हुए विजया सिनेमा तक 9.512 किलोमीटर सड़क को चौड़ा और विस्तारित किया जाएगा।
- चैनेज 0.000 से 7.212 तक 4 लेन और 7.212 से 9.512 तक 6 लेन किया जाएगा।
4. अयोध्या में मया-टांडा मार्ग के 4 लेन चौड़ीकरण को मंजूरी
- राज्य राजमार्ग संख्या-30A के तहत 1 से 14 किलोमीटर तक चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य की पुनरीक्षित लागत स्वीकृत की गई।
5. शाहजहांपुर में सेशन कोर्ट विस्तार के लिए भूमि आवंटन
- पीडब्ल्यूडी के निरीक्षण भवन की 5430 वर्गमीटर भूमि को कोर्ट परिसर के विस्तार के लिए निशुल्क ट्रांसफर किया जाएगा।
6. अयोध्या विकास प्राधिकरण को नई जिम्मेदारी
- धार्मिक स्थलों, पार्किंग और अन्य विकास कार्यों के लिए अयोध्या विकास प्राधिकरण को कार्यदायी संस्था नियुक्त किया गया।
Highlights
राज्यपाल के अभिभाषण को मंजूरी, 18 फरवरी से विधानमंडल सत्र शुरू
कैबिनेट ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। 18 फरवरी से यूपी विधानमंडल का सत्र शुरू होगा। राज्यपाल अपने अभिभाषण में योगी सरकार 2.0 की उपलब्धियां बताएंगी। महाकुंभ 2025 के सफल आयोजन पर भी सरकार सदन में जानकारी देगी।