Varanasi: दीपावली के त्योहार से पहले वाराणसी में अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भेलूपुर थाना क्षेत्र के सरायनंदन खोजवा स्थित एक मकान से करीब 65.300 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से मकान मालिक संजय गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने रिहायशी इलाके में बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण किया था। पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 और विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9बी के तहत कार्रवाई की है।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस (Varanasi) के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 की रात उपनिरीक्षक मनोज कुमार चौहान कांस्टेबल अनुराग यादव और कांस्टेबल राम लखन के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान किरहिया तिराहे पर मुखबिर से सूचना मिली कि सरायनंदन कॉलोनी में एक व्यक्ति अपने मकान में भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण कर रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक आलोक कुमार, कांस्टेबल विवेक कुमार और कांस्टेबल अच्छेलाल को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बाद पुलिस टीम (Varanasi) मुखबिर के साथ बताए गए स्थान पर पहुंची। मुखबिर ने एक मकान की ओर इशारा करते हुए बताया कि उसी में पटाखे रखे गए हैं।
Varanasi: मकान के अंदर गत्तों में रखे मिले पटाखे
पुलिस टीम मकान के पास पहुंची तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। अंदर बैठे व्यक्ति को बाहर बुलाकर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम संजय गुप्ता पुत्र स्वर्गीय रामलाल गुप्ता, निवासी मकान संख्या बी-34/6-3, सरायनंदन खोजवा, थाना भेलूपुर, वाराणसी बताया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में संजय गुप्ता ने बताया कि वह बच्चों के खिलौने वाली बंदूक और छोटे पटाखे (Varanasi) बेचता है। दीपावली का त्योहार नजदीक होने के कारण उसने पटाखे मंगाए थे और उन्हें आगे भेजने के लिए गोदाम खोलकर बैठा था।
पुलिस (Varanasi) ने उससे पटाखों के भंडारण से संबंधित लाइसेंस मांगा, लेकिन वह लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके साथ गोदाम के अंदर जाकर जांच की तो गत्तों में बड़ी मात्रा में अलग-अलग ब्रांड के पटाखे रखे मिले।
कई ब्रांड के पटाखे बरामद
पुलिस की तलाशी में मोरी छाप, मिनी बुलेट, रेड स्पार्कल, ओरिजनल वंडर, कलर स्पार्कल, ग्राउंड स्पार्कल और चुटपुटिया सहित विभिन्न ब्रांड के पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने सभी पटाखों को गत्तों सहित तौलवाया, जिनका कुल वजन 65.300 किलोग्राम बताया गया है।
बरामद पटाखों में से अलग-अलग ब्रांड के पटाखों को मिलाकर करीब 1.200 किलोग्राम नमूना भी तैयार किया गया। पुलिस ने नमूने को सील कर दिया और शेष बरामद पटाखों को भी सुरक्षित तरीके से सील कर पुलिस थाने के परिसर में रखवाया।
पुलिस के अनुसार, आरोपित संजय गुप्ता को रात करीब 10:30 बजे हिरासत में लिया गया। गिरफ्तारी की सूचना उसकी पत्नी सुनीता देवी को दी गई। कार्रवाई के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई। मौके पर कुछ स्थानीय लोग भी पहुंचे, लेकिन पुलिस के अनुसार, उन्होंने गवाही देने में असमर्थता जताई और वहां से चले गए।
ये भी पढ़ें:- कन्या पूजन में पर्यावरण संरक्षण का संदेश
दीपावली के दौरान पटाखों की मांग बढ़ने के साथ उनके भंडारण और बिक्री को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ जाती हैं। ऐसे में रिहायशी इलाके में बिना आवश्यक लाइसेंस पटाखों का भंडारण किए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

