काशी में आयोजित होने वाले भारतीय वायुसेना के भव्य Air Show ‘विंग्स ओवर गंगा’ की सफलता और सुरक्षित आयोजन के लिए बुधवार को नमामि गंगे की टीम ने मां गंगा की विशेष आरती उतारी। महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ के वेदपाठी बटुकों के साथ गंगा तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर आयोजन के निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की गई। इस दौरान मां गंगा से आशीर्वाद लेने के साथ ही बाबा विश्वनाथ से भी प्रार्थना की गई कि ऐतिहासिक एयर शो के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और सभी प्रतिभागियों तथा दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित रहे।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के दौरान द्वादश ज्योतिर्लिंग, गंगाष्टकम और स्वस्तिवाचन का पाठ किया गया। बटुकों ने वैदिक मंत्रों के साथ मां गंगा की आराधना की। गंगा तट पर श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में आयोजित इस विशेष पूजा के माध्यम से वायुसेना के आयोजन Air Show की सफलता, देश की सुरक्षा और काशी की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
Air Show: गंगा के ऊपर दिखेगा भारतीय वायुसेना का शौर्य
राजेश शुक्ला ने बताया कि भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नमो घाट पर ‘वायुसेना दिवस एरियल डिस्प्ले-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। ‘विंग्स ओवर गंगा’ की थीम पर आधारित यह कार्यक्रम काशी के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर होगा। इसमें गंगा की लहरों के ऊपर लड़ाकू विमानों की गर्जना, आसमान (Air Show) में विमानों की सटीक और रोमांचक उड़ान तथा हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतब देखने को मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि गंगा के ऊपर होने वाला यह आयोजन भारतीय वायुसेना (Air Show) की आधुनिक विमानन क्षमता, तकनीकी दक्षता और साहस का प्रदर्शन करेगा। इसके माध्यम से देश की रक्षा में वायुसेना के योगदान को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। एयर शो युवाओं में देशसेवा की भावना जागृत करने और उन्हें भारतीय वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करने का भी माध्यम बनेगा।
राफेल, सुखोई और तेजस की गर्जना से गूंजेगा आसमान
एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस और हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर प्रचंड सहित कई आधुनिक विमानों के प्रदर्शन की तैयारी है। इसके अलावा परिवहन और अन्य श्रेणियों के विमानों में आईएल-76, आईएल-78, सी-295 और एएन-32 भी आयोजन का हिस्सा होंगे।
भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम अपने विमानों के बीच सटीक तालमेल, सामूहिक उड़ान और रोमांचक हवाई करतबों का प्रदर्शन करेगी। वहीं, सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम अपने विशेष उड़ान (Air Show) कौशल से दर्शकों को रोमांचित करेगी। भारतीय नौसेना और थलसेना के विमानों की भागीदारी से विभिन्न रक्षा बलों की संयुक्त संचालन क्षमता भी प्रदर्शित होगी।
ये भी पढ़ें:- अविमुक्तेश्वरानंद की रामपाल को खुली चुनौती, बोले- ज्ञान पर भरोसा है तो करें शास्त्रार्थ
नमामि गंगे की टीम ने इस आयोजन (Air Show) को काशी के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए विश्वविख्यात काशी में भारतीय वायुसेना की वीरता और आधुनिक क्षमता का प्रदर्शन विशेष महत्व रखता है। एक ओर गंगा की आध्यात्मिक महत्ता और दूसरी ओर आसमान में देश की सैन्य शक्ति का प्रदर्शन लोगों के लिए अनूठा अनुभव होगा।

