Varanasi: धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में मां गंगा की लहरों के ऊपर भारतीय वायुसेना के विमानों की गर्जना और आसमान में प्रदर्शित सैन्य कौशल ने देश की शक्ति, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का नया संदेश दिया है। इसी गौरवशाली अवसर पर शनिवार को सामने घाट पर नमामि गंगे की ओर से मां गंगा की विशेष आरती उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन किया गया।
डमरुओं की थाप, पुष्पवर्षा और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के बीच आयोजित आरती में काशीवासियों ने भारतीय वायुसेना के भव्य हवाई प्रदर्शन के प्रति प्रसन्नता जताई और देश के सर्वांगीण विकास की कामना की।
varanasi:- पीएम मोदी का किया अभिनंदन
रविवार, 25 अक्टूबर को प्रस्तावित हवाई प्रदर्शन के मुख्य आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने के मद्देनजर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में श्रद्धालुओं (Varanasi) ने श्री काशी विश्वनाथ और मां गंगा से प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद मांगा। आयोजन के माध्यम से भारतीय वायुसेना के शौर्य और स्वदेशी तकनीक की उपलब्धियों को भी नमन किया गया।
आरती के दौरान राष्ट्रध्वज तिरंगा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर और स्वदेशी तकनीक से निर्मित तेजस विमान, ध्रुव तथा प्रचंड हेलीकॉप्टरों की तस्वीरों को शामिल किया गया। इसके माध्यम से ‘मेक इन इंडिया’ के संकल्प और देश में विकसित रक्षा तकनीक के प्रति सम्मान प्रकट किया गया। गंगा तट पर आध्यात्मिक वातावरण के बीच राष्ट्रभक्ति का संदेश भी मुखर हुआ।
भारतीय वायुसेना का भव्य हवाई प्रदर्शन
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि मां गंगा की लहरों के ऊपर आसमान में भारतीय वायुसेना का भव्य हवाई प्रदर्शन ‘विंग्स ओवर गंगा’ राष्ट्र की सैन्य शक्ति, तकनीकी क्षमता और शौर्य का अभूतपूर्व प्रदर्शन है। वायुसेना के विमानों की गर्जना ने पूरी काशी (Varanasi) को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया है। यह आयोजन देश की सामरिक ताकत के साथ-साथ भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता का भी परिचायक है।
उन्होंने कहा कि हवाई प्रदर्शन में 20 से अधिक विमानों की भागीदारी भारतीय वायुसेना की क्षमता और दक्षता को प्रदर्शित करती है। स्वदेशी तकनीक से विकसित तेजस विमान, ध्रुव और प्रचंड हेलीकॉप्टर भारत की रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। इनकी क्षमताओं का प्रदर्शन देशवासियों में गर्व और विश्वास का संचार करता है।
परंपरा और आधुनिक सामर्थ्य के संगम का प्रतीक
राजेश शुक्ला ने कहा कि स्वदेशी तकनीक से रक्षा उपकरणों का विकास ‘मेक इन इंडिया’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती प्रदान करता है। गंगा तट पर आयोजित आरती के माध्यम से मां गंगा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ ही देश की सैन्य शक्ति और स्वदेशी उपलब्धियों का सम्मान किया गया। काशी (Varanasi) की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के बीच भारतीय वायुसेना का प्रदर्शन देश की परंपरा और आधुनिक सामर्थ्य के संगम का प्रतीक बन रहा है।
ये भी पढ़ें:- MLC चुनाव के दौरान सदर तहसील में भाजपा-सपा में झड़प
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला, सुभाष श्रीवास्तव, विनोद सिंह, लल्लन सिंह बांसुरी वाले, डॉ. प्रमोद कुमार पांडेय, राम सिंह, ऊषा सिंह, रामाशंकर पांडेय, लीलावती द्विवेदी, तनु त्रिवेदी, गोपाल पांडेय, अवधेश सिंह और आशीष कुमार राय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मां गंगा की आरती में भाग लेकर देश की उन्नति, सुरक्षा और समृद्धि (Varanasi) की कामना की।
