मिलने के लिए होटल में बुक कराया था कमरा, बाथरूम में मिला युवती का खून से लथपथ शव तो कमरे में पंखे से लटका था युवक; शादी तय होने से नाराजगी की आशंका, दोनों आपस में थे रिश्तेदार**
Varanasi: बाबतपुर थाना क्षेत्र स्थित केजे इंटरनेशनल होटल में एक प्रेम कहानी का खौफनाक अंत सामने आया है। होटल के एक कमरे में युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती का शव बाथरूम में पड़ा था, जबकि युवक का शव कमरे में पंखे से फंदे के सहारे लटक रहा था। युवती के गले पर चाकू से वार किए जाने का निशान मिला है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले युवती की हत्या की और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग और युवती की दूसरी जगह शादी तय होने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, दोनों ने बीती शाम बाबतपुर (Varanasi) स्थित केजे इंटरनेशनल होटल में मिलने के लिए कमरा बुक कराया था। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने और किसी तरह की हलचल नहीं होने पर होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ। कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। काफी देर तक प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया।
पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। उनकी मौजूदगी में होटल के (Varanasi) कमरे का दरवाजा खुलवाया गया। अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। बाथरूम में युवती मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने का निशान था। वहीं कमरे के अंदर युवक का शव पंखे से लटका हुआ मिला। इसके बाद घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
मृतकों की हुई पहचान, दोनों वाराणसी के निवासी
होटल के प्रवेश रजिस्टर में दर्ज विवरण के आधार पर मृतकों की पहचान जय विकास केसरी (20 वर्ष), पुत्र राज प्रकाश केसरी, निवासी भिखारीपुर, डीएलडब्ल्यू, (Varanasi) थाना मंडुवाडीह और प्रिया केसरी (23 वर्ष), पुत्री नंदलाल केसरी, निवासी बसनी, थाना बड़ागांव के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार दोनों आपस में रिश्तेदार थे। जय विकास, प्रिया की बहन का देवर था। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग होने की बात भी प्रारंभिक जानकारी में सामने आई है।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध था। इसी बीच युवती की शादी दूसरी जगह तय हो गई थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच तनाव की आशंका जताई जा रही है। इसी क्रम में बीती शाम दोनों बाबतपुर के होटल में मिलने पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि (Varanasi) होटल के कमरे में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद युवक ने धारदार हथियार से युवती के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी और फिर खुद फंदे से लटककर जान दे दी। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

डीसीपी और एडीसीपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही (Varanasi) पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू कादयान और अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने होटल के कमरे का निरीक्षण किया और संबंधित पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। साथ ही थाना प्रभारी बड़ागांव को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम सहित अन्य विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े:- छह साल की उम्र में आवर्त सारणी का क्रमवार और उल्टे क्रम में पाठ कर युवान ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
एक ही (Varanasi) होटल के कमरे में दो युवाओं की मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस होटल के प्रवेश रजिस्टर, कमरे की परिस्थितियों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच की जा रही है।

