नए अस्सी घाट से तुलसी घाट तक चलाया गया विशेष स्वच्छता अभियान, 35 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की लगाई गई ड्यूटी; पूजा समाप्त होते ही सफाई में जुट गई नगर निगम की टीम
Varanasi: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के संपन्न होने के बाद गंगा घाटों पर फैली गंदगी को हटाने के लिए नगर निगम की टीम पूरी तरह सक्रिय हो गई। श्रद्धालुओं के अपने घरों की ओर लौटते ही सफाई कर्मचारियों ने घाटों की सफाई की कमान संभाल ली। नए अस्सी घाट से लेकर तुलसी घाट तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर फूल-मालाओं, पूजन सामग्री और अन्य कूड़ा-कचरे को हटाया गया। इस दौरान करीब तीन ट्रैक्टर कूड़ा एकत्रित कर घाटों से हटवाया गया।
कूड़े को एकत्रित कर बोरियों में बांधा
छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण घाटों (Varanasi) की सीढ़ियों, किनारों और आसपास के क्षेत्रों में फूल-मालाएं, पूजन सामग्री और अन्य कचरा फैल गया था। पर्व के संपन्न होते ही नगर निगम ने बिना देरी किए सफाई अभियान शुरू करा दिया। इसके लिए 35 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। कर्मचारियों ने घाटों पर फैले फूल-मालाओं और कूड़े को एकत्रित कर बोरियों में बांधा और ट्रैक्टरों के माध्यम से घाटों से बाहर पहुंचाकर निस्तारित कराया।

नगर निगम (Varanasi) की टीम ने नए अस्सी घाट, अस्सी घाट, गंगा महल घाट, रीवा घाट और तुलसी घाट सहित आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया। सफाई कर्मचारियों ने घाटों की सीढ़ियों और किनारों पर विशेष ध्यान दिया, ताकि श्रद्धालुओं को दोबारा (Varanasi) घाटों पर पहुंचने के दौरान गंदगी का सामना न करना पड़े। अभियान के दौरान लगातार निगरानी भी की गई और सफाई कार्य को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया गया।

नगर निगम की टीम सक्रिय रही
मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक (Varanasi) आनंद ने बातचीत के दौरान बताया कि पिछले पांच दिनों से लगातार घाटों पर विशेष साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा था। छठ पूजा को देखते हुए पहले से ही सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने की तैयारी की गई थी। नव नियुक्त नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी भी लगातार घाटों का निरीक्षण कर रहे थे और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने बताया कि पर्व समाप्त होने के बाद भी सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम की टीम सक्रिय रही और श्रद्धालुओं के लौटते ही कर्मचारियों ने अपना काम शुरू कर दिया।

ये भी पढ़े:- उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रतियों ने मांगी संतान व परिवार की सुख-समृद्धि
सफाई अभियान में मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक आनंद, भेलूपुर जोन (Varanasi) के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक शिवेश तिवारी, सुपरवाइजर अनुज, बृजेंद्र और घनश्याम सहित सफाई मित्र रामजी, आशा, मटरू, वंदना, ललिता, गोलू, चम्पा, रोहित, गुड्डू, शकुन्तला और राजा ने विशेष योगदान दिया। नगर निगम की टीम ने घाटों को स्वच्छ बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया।

