कूच बिहार ट्रॉफी के दो घरेलू मैचों की मेजबानी करेगा वाराणसी का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, पुडुचेरी और छत्तीसगढ़ से भिड़ेगी यूपी की टीम; बीसीसीआई की पिच और ग्राउंड कमेटी की हरी झंडी का इंतजार
Varanasi: पूर्वांचल के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। राजातालाब क्षेत्र के गंजारी में बनकर तैयार हो रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार क्रिकेट मुकाबले आयोजित कराने की तैयारी तेज हो गई है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में इस मैदान पर चौकों और छक्कों की गूंज सुनाई दे सकती है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने कूच बिहार ट्रॉफी के तहत उत्तर प्रदेश की टीम के घरेलू मुकाबलों के आयोजन स्थलों की रूपरेखा लगभग तय कर ली है। इसके तहत प्रदेश के तीन घरेलू मुकाबलों में से एक मैच लखनऊ और दो मैच वाराणसी के गंजारी स्टेडियम में कराने की योजना है। हालांकि, इन मुकाबलों के आयोजन पर अंतिम मुहर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की पिच और ग्राउंड कमेटी की स्वीकृति के बाद ही लगेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उत्तर प्रदेश की टीम 26 नवंबर से लखनऊ में गुजरात के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। इसके बाद टीम अपने अगले दो घरेलू मैचों में वाराणसी (Varanasi) के नए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में उतरेगी। यहां उत्तर प्रदेश की भिड़ंत पुडुचेरी और छत्तीसगढ़ की टीमों से प्रस्तावित है। यदि बीसीसीआई की पिच और ग्राउंड कमेटी से अनुमति मिल जाती है तो गंजारी स्टेडियम में पहली बार किसी आधिकारिक क्रिकेट मुकाबले का आयोजन होगा। इससे न केवल वाराणसी (Varanasi) बल्कि पूरे पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं वाले मैदान पर घरेलू क्रिकेट देखने का अवसर मिलेगा।

450 करोड़ की लागत से तैयार हुआ भव्य स्टेडियम
राजातालाब क्षेत्र के गंजारी (Varanasi) में लगभग 30 एकड़ भूमि पर करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। स्टेडियम में फिलहाल 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। भविष्य में आवश्यकता के अनुसार इसकी क्षमता बढ़ाकर 40 हजार तक की जा सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 सितंबर 2023 को इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखी थी। निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। हालांकि, अभी स्टेडियम का औपचारिक लोकार्पण होना बाकी है, लेकिन घरेलू क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी की तैयारी शुरू हो गई है।

काशी की संस्कृति और धार्मिक पहचान से जुड़ी वास्तुकला
गंजारी स्टेडियम (Varanasi) को आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जोड़कर तैयार किया गया है। इसकी वास्तुकला में भगवान शिव और गंगा घाटों की झलक दिखाई देती है। स्टेडियम का उत्तरी पवेलियन डमरू की आकृति में बनाया गया है। इसमें मीडिया और प्रसारण केंद्र भी स्थापित किया गया है। वहीं, मैदान में लगाए गए चार फ्लडलाइट टावर भगवान शिव के त्रिशूल के आकार के हैं। इनकी ऊंचाई करीब 65 मीटर है। स्टेडियम की छत को चंद्राकार स्वरूप दिया गया है, जबकि दर्शक दीर्घा को गंगा घाटों की सीढ़ियों की तर्ज पर विकसित किया गया है। बाहरी हिस्से में बेलपत्र की आकृति वाली धातु की सजावट भी की गई है। इस तरह स्टेडियम की बनावट में आधुनिकता के साथ काशी की परंपरा और धार्मिक आस्था का समावेश किया गया है।
नौ पिचों पर तैयार होगा क्रिकेट का रोमांच
स्टेडियम (Varanasi) के मुख्य मैदान में कुल नौ क्रिकेट पिचें बनाई गई हैं। इनमें चार पिच लाल मिट्टी, तीन काली मिट्टी और दो मिश्रित मिट्टी से तैयार की गई हैं। लाल मिट्टी महाराष्ट्र और काली मिट्टी ओडिशा से मंगाई गई है। अलग-अलग प्रकार की मिट्टी से पिच तैयार करने का उद्देश्य विभिन्न परिस्थितियों के अनुरूप क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन करना है। खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए मुख्य मैदान से अलग अभ्यास मैदान और नेट पिचों की भी व्यवस्था की गई है। इससे खिलाड़ियों को मैच से पहले अभ्यास करने और अपनी तकनीक को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।
Varanasi: बारिश के बाद जल्द तैयार हो सकेगा मैदान
मैदान में आधुनिक जल निकासी व्यवस्था विकसित की गई है। इसका उद्देश्य बारिश के बाद मैदान में जमा पानी को कम समय में बाहर निकालना है, ताकि मुकाबलों में अनावश्यक देरी न हो। इसके साथ ही चारों फ्लडलाइट टावरों के माध्यम से दिन के अलावा रात में भी क्रिकेट मुकाबले आयोजित किए जा सकेंगे। पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होने से स्टेडियम में दिन-रात के मैच कराने की सुविधा उपलब्ध होगी।

मीडिया और प्रसारण के लिए आधुनिक व्यवस्था
स्टेडियम (Varanasi) के उत्तरी पवेलियन में डमरू के आकार का मीडिया एवं प्रसारण केंद्र बनाया गया है। इसके सामने के हिस्से में पैनलिंग का काम चल रहा है। प्रसारण केंद्र में करीब दो हजार वर्गफीट का ब्रॉडकास्ट कक्ष तैयार किया गया है। उपग्रह प्रसारण की व्यवस्था के लिए 20×20 फीट और 12×12 फीट आकार के अलग-अलग कमरे बनाए गए हैं। इसके अलावा मीडिया कर्मियों और अन्य जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कैंटीन और शौचालय की सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।

पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों को मिलेगा बड़ा मंच
गंजारी स्टेडियम (Varanasi) में घरेलू क्रिकेट मुकाबलों के आयोजन की तैयारी को पूर्वांचल के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अब तक बड़े क्रिकेट मुकाबलों को देखने के लिए खेल प्रेमियों को दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन इस स्टेडियम के शुरू होने से वाराणसी राष्ट्रीय क्रिकेट के आयोजन मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बना सकेगा। यहां घरेलू मुकाबलों के बाद भविष्य में बड़े स्तर के क्रिकेट आयोजनों की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मैदान, अभ्यास सुविधाएं और बड़े मुकाबलों का अनुभव मिलेगा।
ये भी पढ़े:- Varanasi के नये नगर आयुक्त शाश्रूत त्रिपुरारी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में किया दर्शन
नवंबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित कूच बिहार ट्रॉफी के मुकाबले इस दिशा में पहला कदम साबित हो सकते हैं। फिलहाल सभी की निगाहें बीसीसीआई की पिच और ग्राउंड कमेटी की मंजूरी पर टिकी हैं।

