Varanasi-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-31) पर जमालपुर स्थित गैस प्लांट के पास शुक्रवार सुबह गैस टैंकर कैप्सूल और कंटेनर में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कंटेनर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और केबिन में फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों को करीब आधे घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि गैस से भरे टैंकर का नोजल क्षतिग्रस्त नहीं हुआ, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक, गैस टैंकर कैप्सूल बाबतपुर स्थित (Varanasi) आरटीओ कट से मुड़कर गैस प्लांट की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाराणसी की तरफ से आ रहे कंटेनर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कंटेनर चालक नरेश यादव (52), निवासी ग्राम कासगंज नगला, थाना सिद्धपुर, जिला एटा, वाहन के केबिन में फंस गया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने चालक को बाहर निकालने के लिए कंटेनर को पीछे धकेलने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद कंटेनर का ब्रेक बूस्टर खोलकर वाहन को पीछे करने का प्रयास किया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका।
Varanasi: पुलिस ने घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलने पर बड़ागांव पुलिस (Varanasi) मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से घायल चालक को सेहमलपुर स्थित लक्ष्मी हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्रतापगढ़ जा रहा था कंटेनर
घायल चालक नरेश यादव के मुताबिक, वह वाराणसी (Varanasi) में सामान उतारने के बाद लोडिंग के लिए प्रतापगढ़ जा रहा था। बाबतपुर हाईवे पर पहुंचने के दौरान गैस टैंकर कट से निकल रहा था। चालक ने बताया कि उसने टक्कर से बचने के लिए ब्रेक लगाया, लेकिन इसके बावजूद दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई।
गैस रिसाव होता तो बढ़ सकता था खतरा
हादसे के वक्त गैस टैंकर कैप्सूल गैस से भरा हुआ था। टक्कर के बावजूद उसके नोजल को नुकसान नहीं पहुंचा और गैस रिसाव की सूचना नहीं मिली। यदि टैंकर का नोजल क्षतिग्रस्त हो जाता और गैस का रिसाव शुरू होता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
ये भी पढ़ें: अवैध पटाखा फैक्टरी में धमाका, 2 मंजिला मकान जमींदोज
हादसे के कारण वाराणसी-बाबतपुर मार्ग (Varanasi) पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बनी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल चालक को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। अस्पताल में चालक की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

