अयोध्या। रामनवमी 30 मार्च को मनाई जाएगी। अयोध्या में रामलला के अस्थायी मंदिर में मनाई जाने वाली ये रामनवमी इस बार बहुत ही खास है। इस बार की रामनवमी खास इसलिए है कि ऐसा आखिरी बार होगा कि इस अस्थायी मंदिर में भगवान राम का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

बताते चले कि 14 जनवरी 2024 को मकर संक्राति पर अयोध्या में नए मंदिर में रामलला विराजमान हो जाएंगे। आप को बता दें कि जन्मोत्सव वाले दिन भगवान श्रीराम को खास दिल्ली से आए पीले वस्त्र, सोने का मुकुट और हार पहनाया जाएगा। 11 क्विंटल पंजीरी, फल और मेवा का भोग लगाने की तैयारी है। उत्सव के लिए रामलला के दरबार को विशेष फूलों से सजाया जा रहा है। खास बात यह है कि इस बार श्रद्धालु हेलिकॉप्टर से श्रीराम नगरी के दर्शन कर सकेंगे। बता दें, 22 मार्च से 10 हजार जगह (मंदिर, घर, आश्रम, सरयू तट के किनारे) पर 1 लाख भक्त और संत श्रीरामचरित मानस का पाठ कर रहे हैं।

महोत्सव में चारों तरफ भगवान श्रीराम के नाम, गुण, लीला और धाम की 100 से ज्यादा कथाएं चल रही हैं। शहरभर के 10 हजार मंदिरों को फूलों से सजाया गया है। इस बार राम नवमी पर 25 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। राज्य पर्यटन विकास निगम के अधिकारी अक्षय नागर ने बताया कि योगी सरकार ने इस अवसर को खास बनाने के लिए अयोध्या के हवाई दर्शन की व्यवस्था की है। रामनवमी के अवसर पर 29 मार्च से यह सेवा शुरू हुई है, जो अगले 15 दिनों तक चलेगी। एक बार में 7 दर्शनार्थी अयोध्या का भ्रमण कर सकेंगे। सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक यात्रियों को यह सुविधा मिलेगी।
sudha jaiswal