मरीजों को जल्द ही मिलेगी भर्ती सुविधा
लखनऊ। आयुर्वेदिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान को अब एनएबीएच सर्टिफिकेशन मिलने से यहां पर मरीजों को मिलने वाली चिकित्सकीय सुविधाओं में गुणात्मक सुधार होगा। साथ ही चिकित्सा संस्थान परिसर में फायर सेफ्टी, प्रदूषण मानक और चिकित्सक, स्टाफ और मरीजों के लिये यहां पर स्वच्छ पेयजल की भी सुविधा को बढ़ाया जायेगा। ये बातें शुक्रवार को राजधानी के इंदिरानगर सेक्टर 21 स्थित क्षेत्रीय आर्युवेद अनुसंधान संस्थान के प्रभारी अनुसंधान अधिकारी डॉ. आलोक कुमार श्रीवास्तव ने मीडिया कर्मियों के साथ बातचीत में कही। उन्होंने बताया कि आज विश्व मान्यता दिवस है और हमारे उक्त क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान को एनएबीएच प्रमाणन पत्र मिला है जोकि एक बड़ी उपलब्धि है। वहीं यह भी जानकारी दी कि अब आगे के चिकित्सकीय प्रमाणन के लिये हम सबको अपने यहां चिकित्सकीय सुविधाओं में और गुणात्मक बढ़ोत्तरी करनी है। ऐसे में जल्द ही आने वाले दिनों में अनुसंधान संस्थान में मरीजों को भर्ती भी किया जायेगा। आगे कहा कि संस्थान परिसर में ही पूरा ओपीडी चार्ट और यहां पर लैब में होने वाले सभी प्रकार के पैथॉलोजी जांच का विवरण दिया गया है जिससे कि सभी वर्ग के मरीज आसानी से इसे देख सकें। आगे बताया कि इस प्रकार से एनएबीएच से मान्यता हासिल करने वाला यह लखनऊ का पहला आयुर्वेदिक संस्थान अस्पताल बन गया है। इस दौरान संस्थान की अनुसंधान अधिकारी डॉ. अंजलि बी प्रसाद, डॉ. हरित कुमारी व डॉ. कांबले पल्लवी नामदेव द्वारा संस्थान में मौजूद आमजन को वहां पर उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
sudha jaiswal

