लखनऊ। एलडीए का अवैध निर्माण पर ध्वस्तीकरण अभियान जारी है। मंगलवार को गोमती नगर विस्तार में अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके बाद तीन अवैध निर्माण को सील कर दिया गया। प्रवर्तन जोन-1 की जोनल अधिकारी प्रिया सिंह ने बताया कि अशोक कुमार यादव व अन्य द्वारा गोमती नगर विस्तार के बक्कास के दुलारमऊ में लगभग 2 बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी।

इसके अलावा प्रेम नारायण व अन्य द्वारा दुलारमऊ के खसरा संख्या-662 पर लगभग 3 बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। जोनल अधिकारी प्रिया सिंह ने बताया कि राजेन्द्र प्रसाद पांडेय की तरफ से अर्जुनगंज के ग्राम-सरसवां में जीआरएस मेमोरियल स्कूल एवं जनरल हॉस्पिटल के सामने लगभग 14000 वर्ग फिट क्षेत्रफल में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत अवैध रूप से अपार्टमेंट का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। उसको भी सील कर दिया गया है। गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-4 में भूखण्ड संख्या-4/779 पर लगभग 300 वर्गमीटर क्षेत्रफल में स्वीकृत आवासीय भवन मानचित्र के विपरीत सेट बैक प्रभावित करते हुए बेसमेंट, भूतल, प्रथम तल, द्वितीय तल, तृतीय तल तथा चतुर्थ तल पर अस्थायी टीन शेड का निर्माण कराते हुए व्यवसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। उसको भी सील कर दिया गया है। गोमती नगर के विभव खण्ड में भूखण्ड संख्या-1/158 पर लगभग 115.50 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बेसमेंट, भूतल, प्रथम तल एवं द्वितीय तल का निर्माण कराकर होटल साईं इन ओयो के संचालन को सील कर दिया गया है।
sudha jaiswal

