लखनऊ । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार को लखनऊ पहुंचीं। राष्ट्रपति ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के समापन कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा, यूपी एक जिला एक उत्पाद के निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। प्रदेश का लघु और मध्यम उद्योग देश के आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, मुझे बताया गया है कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से यूपी में भारी मात्रा में निवेश आ रहा है। ये समिट सही मायने में निवेशकों का महाकुंभ है।
द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि इस तरह के आयोजन से यूपी को एक नई पहचान मिली है। देश का सबसे बड़ा प्रदेश होने के साथ अर्थव्यवस्था में भी यूपी का सबसे बड़ा योगदान है। यहां का किसान हमारा अन्न दाता है। यूपी भारत की ग्रोथ इंजन की भूमिका निभाने में सक्षम है। इस समिट से निवेश के रास्ते खुलेंगे। इसके पहले राष्ट्रपति के रूप में पहली बार लखनऊ पहुंचीं द्रौपदी मुर्मू का अमौसी एयरपोर्ट पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वागत किया।
रविवार दूसरे दिन सीएम योगी ने इन्वेस्टर्स से कहा कि प्रदेश में होने वाला हर निवेश न केवल सुरक्षित होगा बल्कि निवेशक के लिए भी फलदाई बनाने में राज्य सरकार अपनी पॉलिसी के तहत भरपूर मदद करेगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 33 लाख 50 हजार करोड़ रुपए के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। ये पहली बार हुआ है कि सभी 75 जनपद में निवेश होने जा रहा है।अकेले 9 लाख 54 हजार 492 करोड़ रुपए के प्रस्ताव पूर्वांचल और 4 लाख 28 हजार 474 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव बुंदेलखंड के लिए मिला है।
sudha jaiswal