लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) के कक्षा-10 के बहुमुखी प्रतिभा के धनी छात्र व्योम आहूजा को कला और संस्कृति के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह में जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार, आईएएस ने व्योम को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2021 का प्रमाण पत्र, मेडल, टेबलेट एवं प्रधानमंत्री के हस्ताक्षर वाली घड़ी भेंट कर सम्मानित किया।
यह जानकारी सिटी मोन्टेसरी स्कूल के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने दी। उन्होने बताया कि व्योम को वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए चुना गया था, परन्तु कोविड की वजह से उस समय सम्मान समारोह आयोजित नहीं किया जा सका। इस अवसर पर सीएमएस संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि व्योम ने अपनी अद्वितीय प्रतिभा से लखनऊ का नाम सारे देश में रोशन किया है, जिस पर सीएमएस परिवार को ही नहीं अपितु सम्पूर्ण लखनऊवासियों को गर्व है। उन्होने बताया कि व्योम ने 13 साल की उम्र में ही भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय से बांसुरी में विशारद की उपाधि हासिल की है। बांसुरी वादन में उसने राज्य और राष्ट्रीय स्तर के कई पुरस्कार जीते हैं। एक मिनट में सबसे ज्यादा ड्रम टैप करने का रिकॉर्ड भी व्योम के नाम है।
sudha jaiswal

