लोगों ने की नगर निगम की प्रशंसा,आयोजकों में से किसी एक को नगर निगम द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर किया जाएगा सम्मानित
लखनऊ । नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह के आदेशों के क्रम में इस वर्ष ज्येष्ठ माह में आयोजित होने वाले भंडारों को जीरो वेस्ट बड़ा मंगल के रूप में मनाए जाने के अभियान के तहत मंगलवार को सफलता पूर्वक इसे सम्पन्न कराया गया। साथ ही किसी एक भंडारा आयोजकों को नगर निगम द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किए जाने की योजना भी तैयार की गई है।

उक्त के अनुसार 8 मई तक कुल 497 लोगों ने आवेदन किया था। इन सभी आवेदकों का एक व्हाट्स एप ग्रुप बनाकर उन्हें क्या करना है और क्या नहीं इसकी जानकारी सभी से साझा की गई थी। जिसके तहत मंगल को सभी आवेदकों ने उन नियमों (जैसे सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करना, कूड़ेदान रखने इत्यादि) का शत प्रतिशत पालन किया और अपना योगदान प्रदान कर नगर निगम का सहयोग किया। जिसके तहत करीब 300 लोगों ने नगर निगम द्वारा जारी किए गए पोस्टर को भी भंडारा स्थल पर लगाया। वहीं नगर निगम द्वारा भी जिन सुविधाओ को मुहैया कराए जाने का दावा किया गया था वो भी पूर्ण रूप से सुनिश्चित कराई गयीं।जिसके तहत भंडारा स्थलों पर करीब 110 चैंपियंस, 110 ईको ग्रीन के वार्ड मैनेजर व लगभग 450 सामाजिक संस्थाओं से जुड़े समाज सेवियों को लगाया गया।इसके अतिरिक्त इन सभी जगहों से कूड़े का उठान नगर निगम की लगभग 110 कूड़ा गाड़ियों द्वारा किया गया। कूड़ा उठान के कार्य के बाद दूसरी शिफ्ट में जब भंडारा पूर्ण रूप से समाप्त हो गया तब उन स्थानों पर धुलाई, साफ सफाई का कार्य कराते हुए उन स्थलों को पूर्व की भांति बनाने का कार्य किया गया।

जिससे इस बार आम लोग बेहद संतुष्ट और खुश नजर आए। साथ ही लोगों ने नगर निगम द्वारा शुरू की गई इस मुहीम की खूब सराहना भी की है व भविष्य में भी इस प्रकार की व्यवस्था को अमल में लाये जाने की इच्छा जाहिर की है। लोगों का मानना है कि जीरो वेस्ट भंडारे से आज पहली बार ऐसा हुआ है कि उनने भंडारा भी किया और गंदगी भी नही फैलने पाई। इसके लिए नगर निगम द्वारा लोगों को प्रोत्साहित करने व अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने के उद्देश्य से एक अन्य मुहीम की घोषणा की गई है। जिसके तहत भंडारा स्थल पर आयोजकों को भंडारे से पूर्व एवं बाद कि तस्वीर लेकर या वीडियो बना कर नगर निगम को टैग कर अपने सोशल मीडिया पर शेयर कर अपने विचार साझा करने होंगे व निगम द्वारा दी गयी सुविधाओं के बारे में अपने विचार व्यक्त करने होंगे। जिसके बाद ज्येष्ठ माह के अंत मे नगर निगम द्वारा मूल्यांकन के पश्चात जिस भी आवेदक या भंडारा कर्ता की फोटो/वीडियो पर सबसे ज्यादा लाइक और शेयर पाए जाएंगे।उस आवेदक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जाएगा।
sudha jaiswal

