IAS Transfer: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने मंगलवार शाम प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा फेरबदल करते हुए 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस बदलाव की खास बात यह रही कि छह जिलों—अयोध्या, चंदौली, अमेठी, बदायूं, इटावा और कन्नौज—के जिलाधिकारी भी बदले गए हैं। सरकार का यह कदम प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
IAS Transfer: अयोध्या को मिला नया डीएम
चंदौली के जिलाधिकारी रहे निखिल टीकाराम फुंडे को अब अयोध्या की कमान सौंपी गई है। वहीं, वर्तमान अयोध्या डीएम चंद्र विजय सिंह को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
चंदौली को नया जिलाधिकारी
प्रयागराज नगर निगम के आयुक्त चंद्रमोहन गर्ग को चंदौली का नया डीएम बनाया गया है। वह 2016 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और प्रशासनिक अनुभव में दक्ष माने जाते हैं।
इटावा और कन्नौज में बदलाव
कन्नौज के जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला को इटावा भेजा गया है। वे 2013 बैच के अधिकारी हैं और जुलाई 2022 से कन्नौज में जिलाधिकारी पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वहीं, इटावा के मौजूदा डीएम अवनीश कुमार राय को बदायूं का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
अमेठी को नया प्रशासक
सहारनपुर नगर निगम के आयुक्त संजय चौहान को अमेठी जिले का नया डीएम बनाया गया है। उनकी नियुक्ति से जिले में प्रशासनिक गति और पारदर्शिता को नई दिशा मिलने की उम्मीद की जा रही है।
जौनपुर की नई मुख्य विकास अधिकारी बनीं मृणाली जोशी
वहीं, 2021 बैच की आईएएस अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी को जौनपुर का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। वह पुणे की रहने वाली हैं और पूर्व में अलीगढ़ व गोरखपुर में संयुक्त मजिस्ट्रेट और एसडीएम सदर जैसे जिम्मेदार पदों पर कार्य कर चुकी हैं।
Highlights
मृणाली जोशी ने अर्थशास्त्र में स्नातक और लोक प्रशासन में परास्नातक किया है। उन्होंने बताया कि वह अपने कार्यकाल में जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगी और मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए कटिबद्ध रहेंगी।