न्यूज पोर्टल पेज सिक्स की रिपोर्ट के मुताबिक लियोनार्डो डिकैप्रियो को लंदन के लोकप्रिय रेस्तरां- चिल्टन फायरहाउस में नीलम गिल के साथ देखा गया। इस दौरान लियोनार्डो की मां इरमेलिन इंडेनबिरकेन और उनके पार्टनर डेविड वार्ड भी साथ दिखे। तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद दुनिया में लोग नीलम के बारे में जानना चाहते हैं।
हाल ही में, लियोनार्डो डिकैप्रियो और नीलम गिल ने उस वक्त सुर्खियां बटोरीं, जब दोनों कान्स फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर दिखे। कान्स में हिस्सा लेने से पहले दोनों को कथित तौर पर कान्स के होटल मार्टिनेज में जाते हुए साथ देखा गया था। हालांकि उनके साथ कई अन्य मॉडल भी थीं।
ब्रिटिश पंजाबी मॉडल हैं नीलम गिल
नीलम गिल एक 28 वर्षीय मॉडल हैं, जिनका जन्म 27 अप्रैल, 1995 को कोवेंट्री, इंग्लैंड में हुआ था। उनके दादा-दादी भारत में पैदा हुए थे। नीलम पंजाब के सिख परिवार से ताल्लुक रखती हैं। खुद को ब्रिटिश-पंजाबी मॉडल बताने वाली नीलम 14 साल की उम्र से मॉडलिंग कर रही हैं। नीलम अपना एक यूट्यूब चैनल भी चलाती हैं, जिस पर वह बुलिंग, डिप्रेशन और बॉडी कॉन्फिडेंस जैसे मुद्दों पर बात करती हैं।
नीलम सबसे पहले उस वक्त चर्चा में आई जब साल 2014 में उन्होंने बरबेरी कैंपेन में परफॉर्म किया था। यहां परफॉर्म करने वाली वह पहली भारतीय मूल की मॉडल थीं। वह साल 2015 में अमेरिकी फैशन ब्रांड एबरक्रॉम्बी एंड फिच का चेहरा बनीं।
साल 2015 में ही नीलम गिल और ब्रिटिश सिंगर जैन मलिक के बीच रिलेशनशिप की अफवाहें उड़ीं। हालांकि, नीलम ने आज तक इस तरह की खबरों पर प्रतिक्रिया नहीं दी है।
नीलम गिल ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके माता-पिता उनके बचपन में ही अलग हो गए थे। वह अपने पिता के साथ बात नहीं कर रही थी। नीलम ने अपनी मां और सौतेल पिता के साथ रहती हैं।
हाल ही में, नीलम गिल ने मुंबई में नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र (NMACC) के उद्घाटन के अवसर पर शानदार प्रस्तुति दी। इसके बाद वह भारत में भी पॉपुलर हुईं हैं। पेज सिक्स अपनी रिपोर्ट में यह भी दावा किया है लियोनार्डो और नीलम काफी अच्छे दोस्त हैं। उनके रिलेशनशिप की खबरों की अटकले हैं।
Anupama Dubey