Varanasi: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में एनएसयूआई इकाई के छात्रों ने गृह मंत्री अमित शाह के बयान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। गुरुवार को एमएमवी तिराहे और सिंह द्वार पर पुतला दहन किया गया। देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एनएसयूआई के तीन छात्रों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हालांकि गिरफ्तार सभी छात्रों को शुक्रवार की शाम को रिहा कर दिया गया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए छात्रों में सुमन आनंद, विपिन कुमार, और रोहित बिहारी का नाम शामिल है। गिरफ्तारी के बाद छात्रों के समर्थन में एनएसयूआई के अन्य सदस्य बड़ी संख्या में लंका थाने पहुंच गए।
लंका थाने पहुंचे एनएसयूआई के छात्रों ने तीनों गिरफ्तार साथियों को जल्द से जल्द रिहा करने की मांग की। एनएसयूआई के सदस्य अमन कुमार ने पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा, “संविधान ने हमें विरोध करने का अधिकार दिया है। गृह मंत्री का बयान अशोभनीय है, और हमारे साथियों को गिरफ्तार करना अनुचित है।”
Varanasi: छात्रों ने दी चेतावनी
अमन कुमार ने चेतावनी दी कि यदि गिरफ्तार छात्रों को तुरंत रिहा नहीं किया गया, तो एनएसयूआई एक बड़ा आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होगी। छात्रों ने पुलिस की कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया और जोर देकर कहा कि उनके विरोध को शांतिपूर्ण और वैध तरीके से किया गया था।

