Varanasi: लोकसभा में भाजपा सांसदों को कथित धक्का देने के आरोप पर गुरुवार रात काशी तक विरोध की गूंज सुनाई दी। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूंकते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कचहरी चौकी पर प्रदर्शन और तहरीर
शुक्रवार को भाजयुमो के कार्यकर्ता, भाजपा नेता अनूप जायसवाल के नेतृत्व में कचहरी चौकी पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को “धक्केबाज सांसद” कहते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। तहरीर में कहा गया कि यह कृत्य न केवल सांसदों के लिए नुकसानदेह है, बल्कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी आघात है।
Varanasi: टीवी चैनलों पर खबर और सांसदों की चोट का दावा
अनूप जायसवाल ने मीडिया को बताया कि गुरुवार को टीवी चैनलों पर खबर प्रसारित हुई कि राहुल गांधी ने भाजपा सांसदों को धक्का दिया, जिससे दो सांसद गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना की निंदा पूरे देश में हो रही है।
सोशल मीडिया सबूत सौंपे
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर उपलब्ध फोटो और वीडियो पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपे। चौकी इंचार्ज से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।
नारेबाजी और कार्रवाई की मांग
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी के खिलाफ वाराणसी में भी एफआईआर दर्ज की जाए। प्रदर्शन में विपिन कुमार पाठक, शंकर जायसवाल, ओमप्रकाश यादव, और अखिल वर्मा सहित कई अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए।