11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) के मौके पर काशी का पवित्र अस्सी घाट योग साधना का केंद्र बन गया। गंगा तट की पावन लहरियों के बीच सैकड़ों लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। इस विशेष योग संगम कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल रहीं, जिन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

International Yoga Day के कार्यक्रम में अनुप्रिया पटेल ने लिया भाग
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने इस मौके पर कहा कि योग आत्मा और शरीर को जोड़ने का सेतु है। यह हमारी प्राचीन धरोहर है, जो न केवल तन को स्वस्थ रखता है बल्कि मन को भी शांति प्रदान करता है। हम यदि खुद को स्वस्थ रखेंगे, तो पृथ्वी भी स्वस्थ रहेगी। उन्होंने कहा कि आज जब दुनिया अनेक चुनौतियों का सामना कर रही है, ऐसे में योग हमें संतुलन और सामंजस्य की राह दिखाता है।

अनुप्रिया पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “पीएम मोदी ने योग को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाई। 2014 में संयुक्त राष्ट्र की मान्यता मिलने के बाद योग अब पूरी दुनिया में स्वास्थ्य और एकता का प्रतीक बन गया है।”
इस मौके (International Yoga Day) पर घाट पर मौजूद सैकड़ों योग साधकों ने सूर्य नमस्कार, प्राणायाम और विभिन्न आसनों का अभ्यास किया। गंगा किनारे गूंजते मंत्रों और सामूहिक साधना का दृश्य अविस्मरणीय बन गया। वहीं देशभर में योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में लाखों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

