Lunar Eclipse: वाराणसी में 7 सितंबर को लगने वाले चंद्रग्रहण को देखते हुए शहर के प्रमुख मंदिरों में परंपरा अनुसार पूजा-अर्चना की व्यवस्था बदली जाएगी। ग्रहण के कारण कई मंदिरों के कपाट समय से पहले बंद हो जाएंगे और दर्शनार्थियों को अगले दिन मंगला आरती के साथ ही दर्शन का अवसर मिलेगा।
काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष व्यवस्था
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर से जारी सूचना के अनुसार, मंदिर परंपरा के अनुसार चंद्रग्रहण (Lunar Eclipse) के स्पर्श से ढाई घंटे पहले कपाट बंद कर दिए जाते हैं। इस नियम के तहत 7 सितंबर की शाम बाबा की संध्या आरती 4 से 5 बजे, शृंगार भोग आरती 5:30 से 6:30 बजे और शयन आरती 7 से 7:30 बजे संपन्न होगी। इसके तुरंत बाद मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। इसी तरह मां अन्नपूर्णा और मां विशालाक्षी मंदिर के कपाट भी 7:30 बजे तक बंद हो जाएंगे।
Lunar Eclipse: कालभैरव मंदिर डेढ़ घंटे पहले होगा बंद
काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के मंदिर के कपाट ग्रहण के डेढ़ घंटे पहले यानी रात 8:27 बजे बंद कर दिए जाएंगे। सभी मंदिरों के कपाट 8 सितंबर की भोर में मंगला आरती के साथ फिर से खोले जाएंगे।
संकटमोचन, मणि और त्रिदेव मंदिर
संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र ने बताया कि चंद्रग्रहण (Lunar Eclipse) के चलते 7 सितंबर को दोपहर की आरती के बाद मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे और अगले दिन मंगला आरती के साथ खोले जाएंगे। यही व्यवस्था मणि और त्रिदेव मंदिरों में भी रहेगी।
बीएचयू का श्री विश्वनाथ मंदिर
बीएचयू स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर में इस बार 13 घंटे के लिए दर्शन बंद रहेंगे। मंदिर प्रबंधन ने बताया कि 7 सितंबर को दोपहर 3 बजे कपाट बंद कर दिए जाएंगे और 8 सितंबर की सुबह 4 बजे दर्शन के लिए खोले जाएंगे।
रामनगर रामलीला पर असर
चंद्रग्रहण का असर रामनगर की प्रसिद्ध रामलीला पर भी पड़ेगा। 7 सितंबर को निर्धारित श्रीराम जन्म की लीला का मंचन नहीं होगा। रामलीला ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि उस दिन दोपहर ढाई बजे केवल क्षीरसागर में भगवान की झांकी और आरती होगी। राम जन्म की लीला का मंचन अब 8 सितंबर को किया जाएगा।
लोहटिया स्थित बड़ा गणेश मंदिर और दुर्गा मंदिर के कपाट 7 सितंबर को दोपहर 2 बजे बंद कर दिए जाएंगे। पुजारी रमेश तिवारी ने बताया कि यह परंपरा सूतक (Lunar Eclipse) लगने के बाद निभाई जाती है। इसी तरह बनकटी हनुमान और दुर्ग विनायक मंदिर के कपाट भी दोपहर 12 बजे से ही बंद हो जाएंगे।