केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को संसद में वर्ष 2026 का केंद्रीय बजट (Budget 2026) पेश किया और उन्होंने ‘विकसित भारत’ की रूपरेखा के साथ प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को कई अहम सौगातें दीं। बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, जल परिवहन, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे काशी के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
बजट (Budget 2026) भाषण में वित्त मंत्री ने घोषणा की कि अगले पांच वर्षों में देशभर में 20 नए अंतर्देशीय जलमार्ग शुरू किए जाएंगे। इसके साथ ही वाराणसी और पटना में आधुनिक जहाज मरम्मत केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे गंगा में चलने वाले जहाजों और क्रूज के रखरखाव के लिए अन्य राज्यों पर निर्भरता कम होगी। इसके अलावा समुद्री विमान के लिए वीजीएफ योजना की शुरुआत भी की जाएगी, जो जल परिवहन और पर्यटन को बढ़ावा देगी।
Budget 2026: ट्रैफिक जाम की समस्या से मिलेगी राहत
इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देने के लिए देश के चुनिंदा पांच शहरों में सात हाई-स्पीड ग्रीन कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया गया है, जिनमें वाराणसी प्रमुख रूप से शामिल है। इन ग्रीन कॉरिडोर (Budget 2026) के निर्माण से शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा, जो स्मार्ट सिटी वाराणसी की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
सात हाई-स्पीड रेल मार्गों की घोषणा
रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में भी बड़ा ऐलान किया गया है। बजट में दिल्ली–वाराणसी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर सहित कुल सात हाई-स्पीड रेल मार्गों (Budget 2026) की घोषणा की गई है, जो देश के प्रमुख शहरों को तेज और बेहतर परिवहन से जोड़ेंगे। इसके अलावा वाराणसी–सिलीगुड़ी मार्ग भी प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल नेटवर्क में शामिल है।
शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए वाराणसी जिले में नए गर्ल्स हॉस्टल के निर्माण की घोषणा की गई है, जिससे बाहर से पढ़ाई के लिए आने वाली छात्राओं को सुरक्षित आवास मिल सकेगा। साथ ही युवाओं (Budget 2026) के कौशल विकास के लिए नए ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट खोले जाएंगे, जो आधुनिक तकनीकों में प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर बढ़ाएंगे।
व्यापार और उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए बजट में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर विशेष फोकस किया गया है। नियमों के सरलीकरण से वाराणसी के बुनकरों, हस्तशिल्पियों और छोटे व्यापारियों को अपने व्यवसाय के विस्तार में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। कुल मिलाकर बजट 2026 (Budget 2026) की घोषणाएं काशी को इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और रोजगार के नए दौर में ले जाने वाली मानी जा रही हैं।

