Mau: जिले में एटीएम फ्रॉड की बढ़ती घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना पुलिस ने एटीएम मशीन में ग्लू लगाकर कार्ड फंसाने और खाते से रुपये उड़ाने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस (Mau) के अनुसार, नगर क्षेत्र से एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज हुई थी कि एटीएम से धोखाधड़ी कर खाते से 20 हजार 500 रुपये निकाल लिए गए हैं। मामले की जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध वाहन की जानकारी मिली। इसके बाद 9 फरवरी की रात करीब साढ़े नौ बजे रामपुर चकिया अंडरपास के पास से एक स्विफ्ट डिजायर कार सवार पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।

Mau: कार्ड मशीन में फंसा करते थे चोरी
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस (Mau) ने एक स्विफ्ट कार, 13 एटीएम कार्ड, 18 हजार 600 रुपये नकद, 9 मोबाइल फोन और एटीएम फ्रॉड में इस्तेमाल होने वाले औजार — प्लास, पेचकस, ग्लू और फेवीक्विक बरामद किए हैं। पुलिस (Mau) पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह एटीएम मशीन में पहले से फेवीक्विक लगाकर कार्ड फंसा देता था। जब कोई व्यक्ति पैसे निकालने आता और उसका कार्ड मशीन में फंस जाता, तो गिरोह का दूसरा सदस्य मदद के बहाने एटीएम के भीतर पहुंचता था। इसके बाद दीवार पर लिखे फर्जी कस्टमर केयर नंबर पर कॉल करने को कहा जाता और इसी दौरान कार्ड बदलकर खाते से रुपये निकाल लिए जाते थे।

अपर पुलिस (Mau) अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने मऊ सहित आसपास के कई जनपदों में इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
फिलहाल सभी अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और पुलिस आमजन से अपील कर रही है कि एटीएम में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।

