वाराणसी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में युवक युवती की शादी हुई। इस दौरान मिले समान और योजना का पैसा भी युवक ने रख लिया। विदाई बाद में कराने की बात कहकर दुल्हा पे्रमिका संग भाग गया। विवाहिता की तहरीर पर चोलापुर थाने की पुलिस ने ताला गांव निवासी दिलीप कुमार पर धोखाधड़ी समेत मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत उसकी शादी 24 जनवरी को ताला गांव निवासी दिलीप कुमार के साथ हुई। सरकारी धन से खरीदे गए उपहार इत्यादि दिलीप व उसके परिवार वालों को दे दिया गया था। विवाह के बाद दिलीप और उसके परिजन मेरी विदाई छह जून को कराने को कहकर चले गए थे। इस बीच पता चला कि दिलीप बीते दो अप्रैल को परानापट्टी गांव निवासी एक युवती को लेकर फरार हो गया। पति के भागने की जानकारी देर से मिली। इस मामले में चोलापुर पुलिस ने दो दिन पहले अजगरा चौकी पर पंचायत कराई। मामला हल नहीं हुआ तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

