- 2023 में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ जैसी एक और यात्रा निकलेगी: जयराम रमेश
- यूपी में भारत जोड़ो यात्रा अपने अंतिम चरण में
लखनऊ। यूपी में भारत जोड़ो यात्रा अपने अंतिम चरण में है। भारत जोड़ो यात्रा शामली जिले के ऊंचागांव से शुरू होकर कैराना पहुंची। कैराना में राहुल गांधी को देखने के लिए हजारों लोग सड़क पर इकठ्ठा हुए। कांग्रेस नेता ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया और उसके बाद वे आगे निकल गए।
यात्रा के प्रभारी पूर्व केन्द्रीय मंत्री जयराम रमेश ने इस दौरान प्रेस कांफ्रेंस किया। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने बताया कि सोनिया गांधी की तबियत ठीक न होने के कारण राहुल ने यूपी में यात्रा के दौरान नाईट स्टे नहीं किया। वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
जयराम रमेश ने राहुल गांधी का हवाला देते हुए कहा कि 2023 में हम पश्चिम से पूरब की ओर जाएंगे। हर जगह ऐसी यात्रा निकाली जाएगी। इस पर विचार हो रहा है। हम उन जगहों पर भी जाएंगे, जहां इस बार नहीं जा पाए हैं। यह एक यात्रा नहीं, मूवमेंट है। जो कि लगातार चलता रहेगा। इसके अलावा 26 जनवरी से 26 मार्च तक हाथ से हाथ जोड़ो अभियान भी चलाया जाएगा।
देश के सामने 3 बड़े खतरे
जयराम रमेश ने कहा कि देश के सामने 3 बड़े खतरे हैं। आर्थिक विषमताएं, सामाजिक ध्रुवीकरण और राजनीतिक तानाशाही। उन्होंने आगे कहा कि हमारे PM की नीतियों की वजह से इन खतरों का सामना करना पड़ रहा है। ये भारत जोड़ो यात्रा मन की बात नहीं है। राहुल गांधी कम बोलते हैं और ज्यादा सुनते हैं। ये चुनाव जीतो यात्रा नहीं है। यह यात्रा नहीं, मूवमेंट है। ये चलता रहेगा।
जयराम रमेश ने यात्रा के 111 दिन पूरे होने पर ऊंचागांव में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इसमें उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने तय किया है कि यात्रा पूरी होने के बाद 200 यात्रियों को ‘भारत यात्री’ का दर्जा दिया जाएगा। इस दौरान सुप्रिय श्रीनेत भी उनके साथ रहीं।