वाराणसी। शहर में कई संगठन युवा दिवस मना रहे हैं। युवा अपने आदर्श स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें नमन कर रहे हैं। साथ ही उनके आदर्शों और उनके बताए रास्तों पर चलने के लिए एक दूसरे को प्रेरित कर रहे हैं।
इसी क्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बीएचयू ईकाई के ओर से गुरुवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाई गई। इस दौरान शोभायात्रा और सभा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा में युवाओं की जबरदस्त भीड़ उमड़ पड़ी।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद के तैल चित्र पर माल्यार्पण करके किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि याज्ञवल्क्य ने सभी युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलने के लिए कहा। साथ ही युवाओं को राष्ट्रहित में योगदान के लिए प्रेरित किया।
सभा वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के बारे में अपने अपने विचार प्रस्तुत किए। शोभायात्रा बीएचयू के विश्वनाथ मंदिर से निकलकर सिंह द्वार पहुंची। जिसमें सैकड़ों छात्र छात्राओं व संगठन के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।