उत्तर प्रदेश के संभल जिले में बुधवार की सुबह इनकम टैक्स (Income Tax) विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए असमोली स्थित धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स शुगर मिल पर छापेमारी की। यह अभियान बेहद गोपनीय तरीके से चलाया गया, जिसमें 50 से अधिक वाहनों में सवार 100 से ज्यादा इनकम टैक्स अधिकारी शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और भारी पुलिस फोर्स तथा पीएसी की तैनाती की गई।
सूत्रों के मुताबिक, शुगर मिल पर टैक्स चोरी के आरोप हैं। इसी जांच के तहत विभाग की टीम ने अचानक यह छापेमारी की। टीम (Income Tax) के अधिकारी मिल के वित्तीय दस्तावेजों और रिकॉर्ड्स की गहन पड़ताल में जुटे हैं। सभी गेटों को सील कर दिया गया है, जिससे किसी को भी अंदर-बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं है।
Income Tax: खबर फैलते ही इलाके में सनसनी
छापेमारी (Income Tax) की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह-सुबह सायरन बजाती गाड़ियों का लंबा काफिला देखकर स्थानीय लोगों की भीड़ मिल के बाहर इकट्ठा हो गई। वहीं, मिल की सुबह की शिफ्ट में आने वाले कर्मचारियों को भी गेट के बाहर रोक दिया गया।
जानकारी के अनुसार, शुगर मिल के मालिक गौतम गोयल हैं, जिनके स्वामित्व में धामपुर समूह की कई अन्य मिलें भी शामिल हैं। इनमें बिजनौर के धामपुर, बरेली के मीरगंज, रामपुर और उत्तराखंड के काशीपुर में स्थित इकाइयां प्रमुख हैं। बताया जा रहा है कि काशीपुर की मिल इस समय बंद है।
फिलहाल इनकम टैक्स (Income Tax) अधिकारी मिल के वित्तीय लेनदेन, बैलेंस शीट, टैक्स रिटर्न और सप्लाई चेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। विभागीय सूत्रों का कहना है कि छापेमारी देर शाम तक जारी रह सकती है और इससे बड़े खुलासे की उम्मीद है।

