उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने गुरुवार को बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार और संभल हिंसा पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि 500 साल पहले जो बाबर ने अयोध्या में किया था, वही बांग्लादेश और संभल में आज हो रहा है। सीएम ने इन घटनाओं की तुलना करते हुए कहा कि तीनों की प्रकृति और डीएनए एक जैसा है।
बांग्लादेश में ऐसा हो रहा है, तो वही तत्व यहां भी मौजूद हैं- CM Yogi
योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने अयोध्या के राम कथा पार्क में रामायण मेले के उद्घाटन के मौके पर यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि 500 साल पहले बाबर के आदमी ने अयोध्या में जो किया था, वही घटनाएं अब संभल और बांग्लादेश में हो रही हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर बांग्लादेश में ऐसा हो रहा है, तो वही तत्व यहां भी मौजूद हैं।
सीएम (CM Yogi) ने आगे कहा कि 500 साल बाद प्रभु राम मंदिर में विराजमान हैं और अयोध्या में होने वाला आयोजन पूरे विश्व का उत्सव है। उन्होंने कहा कि अयोध्या, राम मंदिर और श्रीराम के आदर्शों के जरिए भारत की आस्था को जोड़ने का कार्य कर रहा है। उनका कहना था कि जब तक आस्था बनी रहेगी, तब तक भारत का कोई बाल भी बांका नहीं कर पाएगा।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए सीएम योगी (CM Yogi) ने कहा कि समाजवादी लोग लोहिया जी के नाम पर राजनीति तो करते हैं, लेकिन उनके आदर्शों को अपनाने में विफल रहते हैं। उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि जब तक भारत की आस्था प्रभु श्री राम, श्रीकृष्ण और भगवान शिव के प्रति बनी रहेगी, तब तक भारत का कोई बाल भी बांका नहीं कर सकेगा।