वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के कैथी टोलप्लाजा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां क्षेत्र के राजवारी टोल प्लाजा पर शनिवार की शाम मार्कंडेय महादेव मंदिर से दर्शन कर लौट रहे दो वाहनों के टोल प्लाजा पर टैक्स को लेकर टोल कर्मियों व यात्रीयों में झड़प हो गई। दोनों तरफ से कहासुनी में मारपीट हो गई। जिससे भगदड़ जैसी स्थिति हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि पुलिस बुलानी पड़ गई।
बताया जा रहा है कि दोनों गुटों के बीच टोल किराये को लेकर मारपीट हुई है। इस घटना में कई महिलाओं समेत पुरुषों को चोट आई है। घायलों में दोनों पक्ष के लोग शामिल हैं। घायल यात्रीगण गाजीपुर के शादियाबाद के रहने वाले हैं। घटना के बाद करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति रही।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित बोलोरो सवार बनारस बीएचयू हॉस्पिटल से इलाज करा कर अपने घर गाजीपुर जा रहे थे। बोलोरो सवार लोगों का कहना है कि उनके आगे एक स्कार्पियो चल रही थी। जिससे टोल कर्मियों से कुछ कहासुनी होने के बाद स्कॉर्पियो आगे निकल गई। इनकी गाड़ी उक्त स्कॉर्पियो के ठीक पीछे खड़ी थी।
आरोप है कि स्कॉर्पियो वालो से कोई संबंध न होने के बाद भी बिना किसी बात पर टोलकर्मियों ने बोलोरो पर हमला कर गाड़ी का शीशा तोड़ने के बाद उसमें सवार महिलाओं व पुरुषों के साथ ड्राइवर को मारापीटा जिससे लोग घायल हो गए। मामला बढ़ता देख किसी ने 112 पर फोन कर पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही तुरन्त कई थानों की फोर्स के साथ डीसीपी वरूणाजोन, एडीसीपी वरुणाजोन, एसीपी सारनाथ मौके पर पहुंच घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए भिजवाया। पुलिस सीसीटीवी फूटेज के जरिए मामले की जांच कर रही है।

एसीपी सारनाथ अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज से मामले की जांच कर कार्रवाई की जायेगी। वही टोल प्लाजा के प्रबंधक अनुराग चौहान ने बताया कि टोल टैक्स मांगे जाने पर वाहन सवार लोगों ने टोल कर्मियों पर हमला कर टोल बाक्स , केबिन, क्षतिग्रस्त कर दिया तथा कर्मचारियों के पास से हजारों रूपए कैश भी छिन लिए। जो सीसीटीवी कैमरे में प्रमाण है।
Comments 1