Varanasi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान वाराणसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय कार्यालय, रवींद्रपुरी स्थित जवाहर नगर में आम जनता की शिकायतें सुनीं। मुख्यमंत्री ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्हें जल्द सुलझाने का भरोसा दिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

पीएमओ कार्यालय में अचानक पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम मंदिर में पूजन और एक जनसभा को संबोधित करने के बाद अचानक भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय जनसंपर्क कार्यालय का दौरा किया। यहां उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। लोगों द्वारा सौंपे गए शिकायती पत्रों को मुख्यमंत्री ने स्वयं ग्रहण किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Varanasi: जनता से सीधा संवाद, समाधान का भरोसा
संसदीय कार्यालय में मुख्यमंत्री ने करीब 10 मिनट तक आम जनता से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने आधा दर्जन से अधिक लोगों की शिकायतों को सुना और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। मुख्यमंत्री की इस पहल से स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला, क्योंकि उन्हें उम्मीद जगी कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा। मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव सहित कई अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे।

