उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) मंगलवार को मीरजापुर दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने विंध्याचल धाम में मां विंध्यवासिनी देवी के दरबार में मत्था टेका। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह करीब 11 बजे विंध्याचल स्थित मोतिया झील हेलीपैड पर उतरा। वहां से वे सीधे मंदिर परिसर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।

मंदिर पहुंचने पर सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा और मंदिर के पुरोहितों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री (CM Yogi) सीधे विंध्यवासिनी देवी मंदिर पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने मां विंध्यवासिनी की पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में पूजा के दौरान धार्मिक माहौल देखने को मिला।
CM Yogi के आगमन पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
मुख्यमंत्री (CM Yogi) के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन की ओर से पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी गई। सीएम की सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए आम श्रद्धालुओं की आवाजाही रोक दी गई और मंदिर परिसर को खाली कराया गया था। वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए थे।

दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने आगामी चैत्र नवरात्रि के दौरान लगने वाले मेले की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर, घाटों, मार्गों, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्र के दौरान यहां लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, इसलिए सभी व्यवस्थाएं बेहतर और सुचारू होनी चाहिए।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। बैठक में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री करीब 40 मिनट तक विंध्याचल धाम में रुकेंगे। इसके बाद वे मां विंध्यवासिनी स्टेट यूनिवर्सिटी का निरीक्षण करेंगे, जहां विकास कार्यों और व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा भी करेंगे। मुख्यमंत्री (CM Yogi) के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व व्यवस्था को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं।

