Executive Election: नगर निगम की कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त होने के बाद शनिवार को टाउनहाल में रिक्त पदों के लिए चुनाव हुआ। जिसमें कार्यकारिणी के लिए 6 सद्स्यत निर्विरोध चुने गये। इसमें सपा के दो और भाजपा के चार पार्षद चुने गये।
नगर निगम कार्यकारिणी में सपा से पार्षद प्रमोद कुमार राय व अमरदेव यादव निर्विरोध सदस्य चुने गये और भाजपा की ओर से राजेश कुमार यादव, हनुमान प्रसाद, नरसिंह दास, सुशील कुमार नगर निगम कार्यकारिणी के सदस्य निर्वाचित हुए। सपा का प्रमोद कुमार पिछली कार्यकारिणी में भी सदस्य थे। इस नाते उनके पास अनुभव अच्छा खासा है।

शनिवार की सुबह नगर निगम के अस्थायी सदन टाउनहॉल में नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता मेयर अशोक तिवारी ने की। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद कार्यकारिणी चुनाव पर चर्चा हुई और प्रक्रिया शुरू की गई। सुबह रिक्त पदों पर सात सदस्यों ने नामांकन किया था, इसमें सपा के दो और भाजपा के पांच पार्षद शामिल थे। काफी देर की जद्दोजहद के बाद भाजपा की पार्षद माधुरी सिंह ने अपना पर्चा वापस ले लिया, इसके बाद छह पदों पर सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध चुना गया।

नगर निगम बोर्ड ( कार्यकारिणी) के 6 रिक्त पदों पर शनिवार को नगर निगम के अस्थायी सदन टाउनहॉल में चुनाव हुआ। इस चुनाव में भाजपा से माधुरी सिंह, राजेश कुमार यादव, हनुमान प्रसाद, नरसिंह दास और सुशील कुमार ने नामांकन किया। वहीं सपा से प्रमोद कुमार राय और अमरदेव यादव ने नामांकन किया। 7 सदस्यों का नामांकन आने के बाद उप चुनाव अधिकार मनोज त्रिपाठी ने 30 मिनट का समय नामांकन वापसी का दिया।
कार्यकाल समाप्त होने के बाद नगर निगम ने कुछ दिनों पहले 6 कार्यकारिणी सदस्यों की सदस्यता समाप्त की थी। इसमें 4 भाजपा और 2 सपा के सदस्यों की सदस्यता समाप्त की गई थी। जिसके बाद विरोध के स्वर भी उठे थे। जिसके बाद शनिवार को रिक्त 6 पदों के लिए चुनाव हुआ और सभी सदस्य निर्विरोध चुने गये।

Executive Election: नगर निगम में 100 पार्षद समेत 112 सदस्य मतदाता
मतदान की स्थिति में 100 पार्षद, सांसद, विधान परिषद् सदस्य, विधायक कुल मिलाकर 112 सदस्य मतदाता हैं। वाराणसी में नगर निगम कार्यकारिणी में एक साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद 6 सदस्यों की 20 जून को समाप्त हुई थी। 12 में से 6 सदस्यों को बाहर किया जाना था, इसके लिए लॉटरी निकाली गई। महापौर ने पर्ची निकाली जिसमें भाजपा के 4 और सपा के 2 सदस्य बाहर हो गए।