वाराणसी (Varanasi) के कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने चेकिंग के दौरान एक युवक के पास से करोड़ों रुपये का सोना बरामद किया। युवक राजकोट से सोना लेकर पटना जा रहा था। प्लेटफार्म नंबर 8 पर तलाशी के दौरान जीआरपी को युवक के बैग से लगभग 4 करोड़ 8 लाख 3 हजार 672 रुपये मूल्य का सोने का आभूषण मिला।
जीआरपी ने तुरंत युवक को हिरासत में लेकर इनकम टैक्स विभाग को सूचना दी, जिसके बाद इनकम टैक्स अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सोना जब्त कर लिया और जांच शुरू की।
जीआरपी सीओ कुंवर प्रताप सिंह ने बताया कि आगामी त्योहारों जैसे दुर्गा पूजा और दीपावली के मद्देनजर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सोमवार को प्लेटफार्म नंबर 8 और 9 पर एक संदिग्ध युवक पकड़ा गया। पूछताछ में युवक ने अपने बैग में सोना होने की बात स्वीकार की।

Varanasi: इनकम टैक्स विभाग कर रहा मामले की जांच
युवक ने पुलिस को बताया कि वह सूरत के राजकोट से माल लेकर पटना सप्लाई करने जा रहा था, जहां वह 4-5 दुकानों को सोने की आपूर्ति करता है। उसके पास से कुछ दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनके आधार पर मामले की जांच जारी है।

