गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा हमेशा अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चा में रहते हैं। CM बिस्वा ने गुरुवार को एक चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि आमतौर पर हिन्दू दंगों में शामिल नहीं होते। वे शांतिप्रिय समुदाय हैं। हिन्दू जिहाद में भी विश्वास नहीं करते हैं।
बिस्वा ने 2002 के गुजरात दंगों को याद करते हुए कहा कि उस समय के बाद से, गुजरात सरकार ने राज्य में शांति सुनिश्चित करने के लिए कई कार्रवाई की। अब राज्य में स्थायी शांति है। अब किसी तरह के दंगे नहीं होते, कोई कर्फ्यू नहीं होता। मैं चाहता हूँ कि जैसे गुजरात में शांति है, वैसी ही शांति असम में भी हो।
इंटरव्यू के दौरान जब बिस्वा से उनकी पार्टी के नेताओं की ओर से भड़काऊ भाषण, लव जिहाद, आफताब पूनावाला पर की गई टिप्पणी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा- किसी भी वामपंथी झुकाव वाले व्यक्ति के लिए यह एक सांप्रदायिक टिप्पणी है, लेकिन मैंने यह एक राष्ट्रीय भावना में कहा। उन्होंने लव जिहाद पर कहा कि एक साजिश है। जिसमें मुस्लिम पुरुषों पर हिंदुओं को लुभाने का आरोप लगाया जाता है और महिलाओं को धर्म बदलने के लिए मजबूर किया जाता है।
बिस्वा ने कहा- लव जिहाद को नजरअंदाज करना कुछ लोगों की ओर से तुष्टीकरण की राजनीति है। यह महिलाओं की सुरक्षा के लिए चिंता की बात है। लव जिहाद के सबूत हैं। यहां तक कि आफताब पूनावाला के पॉलीग्राफ टेस्ट में भी कहा गया है कि उसने खुलासा किया कि उसकी हरकतें उसे जन्नत तक ले जाएंगी। इस पर रिपोर्ट्स भी हैं।