धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप में मनाया जाएगा। योग की वैश्विक राजधानी के रूप में पहचान बना चुकी काशी में 21 जून को एक साथ पांच लाख से अधिक लोगों के योगाभ्यास का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। घाटों से लेकर विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों, पार्कों और ग्रामीण क्षेत्रों तक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को नमो घाट से योग सप्ताह का औपचारिक शुभारंभ हो चुका है। एक सप्ताह तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान प्रतिदिन हजारों लोग विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास करेंगे और स्वस्थ जीवन का संदेश देंगे।
84 घाट योग की विभिन्न मुद्राओं के साक्षी बनेंगे
मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि काशी के अर्धचंद्राकार स्वरूप वाले सभी 84 घाट इस बार योग की विभिन्न मुद्राओं के साक्षी बनेंगे। योग सप्ताह के अंतर्गत अलग-अलग दिनों में विभिन्न घाटों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नमो घाट पर शुभारंभ के बाद राजघाट, पंचअग्नि घाट, रानी घाट, निषाद घाट सहित कई प्रमुख घाटों पर योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 17 जून को राम घाट, अग्निश्वर घाट, गणेश घाट, भोंसले घाट, गंगा महल घाट, सिंधिया घाट, ललिता घाट तथा दशाश्वमेध घाट पर बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नियमित योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित किया जाएगा।
18, 19 और 20 जून को योग सत्र का आयोजन
इसके अलावा 18, 19 और 20 जून को जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों, सारनाथ, पार्कों, अस्पतालों, विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों में भी योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना और इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देना है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी योग दिवस को सफल बनाने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। जिले की 694 ग्राम पंचायतों में युवा मंगल दल एवं महिला मंगल दल की एक-एक सदस्य को कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत प्रशिक्षित किया जा रहा है। ये प्रशिक्षित सदस्य मास्टर ट्रेनर के रूप में ग्रामीणों को नियमित योगाभ्यास कराएंगे तथा योग (International Yoga Day) के प्रति जागरूकता फैलाएंगे।
International Yoga Day:योग को मिली वैश्विक पहचान
जिला प्रशासन का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग (International Yoga Day) को मिली वैश्विक पहचान के अनुरूप काशी में आयोजित होने वाले यह कार्यक्रम न केवल योग दिवस को भव्य बनाएंगे, बल्कि स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) पर काशी के घाटों पर एक साथ हजारों लोगों द्वारा योगाभ्यास का दृश्य देश-दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार का आयोजन भागीदारी और भव्यता के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

