Varanasi: मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने शवयात्रियों के साथ विवाद के बाद एक युवक को लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से बुरी तरह पीटा। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले में छह नामजद और एक अज्ञात समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना 9 अक्टूबर की बताई जा रही है। चंदौली जिले के रामगढ़ निवासी रमेश सिंह अपने बहनोई बंशनारायण सिंह के निधन के बाद अंतिम संस्कार की रस्में पूरी करने के लिए परिजनों के साथ मणिकर्णिका घाट (Varanasi) पहुंचे थे। इसी दौरान वहां कुछ स्थानीय लोगों के पहुंचने पर विवाद हो गया।

रमेश सिंह की शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने उनके भांजे अभिषेक सिंह, निवासी गोपपुर, चोलापुर, वाराणसी (Varanasi) के साथ जातिसूचक शब्दों और गाली-गलौज का इस्तेमाल किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि इसके बाद लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से अभिषेक पर हमला कर दिया गया।
सिर और शरीर पर गंभीर चोटें
शिकायतकर्ता का आरोप है कि हमलावरों ने अभिषेक को जमीन पर गिराकर पीटा। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें लगने से वह खून से लथपथ होकर बेहोश हो गया। परिजन उसे तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर (Varanasi) ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना के दौरान घाट पर मौजूद शवयात्रियों और अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। आरोप है कि मारपीट के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
चौक थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
ये भी पढ़ें:- युवा परिषद के नेताओं ने काकरोचों के खिलाफ खोला मोर्चा
एफआईआर में ऋषिकेश चौधरी निवासी जंसा, बादल चौधरी निवासी रामेश्वरम, जंसा, गोलू चौधरी, शनि चौधरी निवासी मीरघाट, गुड्डू चौधरी निवासी बड़ी गैबी और अनिल चौधरी निवासी मीरघाट के नाम शामिल हैं। इनके अलावा एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है।
सभी सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस (Varanasi) के अनुसार, मामले में सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक हिमांशु मिश्रा को सौंपी गई है। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

