पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध और ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहे असर के बीच एलपीजी (LPG) गैस की उपलब्धता को लेकर लोगों की चिंता बढ़ने लगी है। कई जगहों पर गैस की सप्लाई में देरी और एजेंसियों पर बढ़ती भीड़ के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण इलाकों में जहां लोग लकड़ी और गोबर के उपलों से चूल्हा जलाकर काम चला रहे हैं, वहीं शहरों में रहने वाले परिवारों के लिए यह विकल्प आसान नहीं है। ऐसे में कई लोग अब रसोई चलाने के लिए दूसरे विकल्पों की तलाश कर रहे हैं।
गैस (LPG) खत्म होने पर अस्थायी उपाय ढूंढना आसान नहीं होता। लकड़ी या कोयले का चूल्हा हर घर में संभव नहीं है और बाहर का खाना रोज मंगवाना भी हर परिवार के बजट में नहीं बैठता। ऐसे में अगर एलपीजी (LPG) की सप्लाई अनिश्चित हो जाए तो कुछ ऐसे विकल्प हैं जिनसे घर की रसोई चल सकती है।
इंडक्शन कुकटॉप

बिजली से चलने वाला इंडक्शन कुकटॉप एलपीजी का आसान विकल्प बन सकता है। इसमें खाना जल्दी बनता है और गैस (LPG) की तुलना में यह सुरक्षित भी माना जाता है। आमतौर पर आधे घंटे में करीब एक यूनिट बिजली खर्च होती है, जिससे चाय, सब्जी या दाल जैसी चीजें आसानी से तैयार की जा सकती हैं।
सोलर कुकर

सोलर कुकर धूप की ऊर्जा से काम करता है और यह एक बार का निवेश होता है। इसमें चावल, दाल और सब्जियां आसानी से पकाई जा सकती हैं। इसकी खास बात यह है कि इसमें गैस (LPG) या बिजली की जरूरत नहीं पड़ती, हालांकि इसे इस्तेमाल करने के लिए पर्याप्त धूप जरूरी होती है।
इलेक्ट्रिक प्रेशर कुकर

इलेक्ट्रिक प्रेशर कुकर भी कम बिजली में काम करने वाला उपकरण है। इसमें दाल, चावल और सब्जियां आसानी से पकाई जा सकती हैं। करीब सवा घंटे में लगभग एक यूनिट बिजली खर्च होती है और खाना सुरक्षित तरीके से तैयार हो जाता है।
बायोगैस भी बन सकता है विकल्प

अगर घर या खेत के आसपास थोड़ी जगह उपलब्ध हो तो छोटा बायोगैस प्लांट भी लगाया जा सकता है। गोबर, सब्जियों के छिलके और गीले कचरे से गैस तैयार की जाती है। इससे हर महीने करीब 15–20 दिन तक मुफ्त ईंधन मिल सकता है और रसोई का खर्च भी कम हो सकता है।
वैश्विक राजनीति और आम घर की रसोई
बनारस की रसोई (LPG) की यह स्थिति एक बड़ा सच भी सामने लाती है कि दुनिया की राजनीति केवल अंतरराष्ट्रीय खबर नहीं होती, बल्कि उसका असर आम लोगों के जीवन तक पहुंचता है।
मध्य-पूर्व में बढ़ता तनाव और ऊर्जा बाजार में अस्थिरता धीरे-धीरे आपूर्ति की श्रृंखला से गुजरते हुए शहरों और घरों तक पहुंच जाती है। इस तरह हजारों किलोमीटर दूर चल रहा युद्ध अंततः एक साधारण भारतीय परिवार की रसोई तक अपना असर छोड़ जाता है, जहां सबसे बड़ी चिंता यही होती है कि अगले दिन चूल्हा कैसे जले।

