- योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक साल पूर्ण होने पर विधायक ने गिनाईं उपलब्धियां
- पिछले आठ साल में जिले में 17822.68 करोड़ की लागत से 1243 परियोजनायें हुईं पूर्ण
वाराणसी। सूबे की योगी सरकार ने अपने छह साल के अब तक के कार्यकाल में काशी के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। यह शहर उत्तरोत्र विकास के पथ पर है। यहां शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों को दिया जा रहा है। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने बीमारू प्रदेश कहे जाने वाले यूपी को उत्तम प्रदेश बना दिया है। काशी आर्थिक-सांस्कृतिक रूप से वैश्विक मंच पर अपना वैभव बिखेर रही है।
राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को सूबे के पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता कर यह जानकारी दी। उन्होंने शासन की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था का भय मुक्त माहौल बना है। अपराधी अपराध करना तो दूर अपराध करने को सोच भी नहीं सकते। इधर, काशी विश्वनाथ मंदिर में बीते एक साल में सात करोड़ से अधिक श्रद्धालु आए। वाराणसी का चहुंमुखी विकास हो रहा है। कई परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले आठ वर्षों में जनपद में 17822.68 करोड़ रुपये की लागत से कुल 1243 प्रोजेक्ट पूर्ण कराए गये। वर्तमान में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की करीब 364 परियोजनाएं 11842.33 करोड़ रुपये से निर्माणाधीन हैं। जिले में एकओर अवस्थापना सुविधाओं का विकास तेजी से कराया गया है तो दूसरी ओर, शिक्षा, श्रम, रोजगार, चिकित्सा आदि सेवा क्षेत्रों में भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे जनपद का विकास नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
डॉ. तिवारी ने जनता तक पहुंचायी गयी शासन की तमाम योजनाओं का ब्योरा पेश करते हुए बताया कि ग्लोबल इंवेर्स्टस समिट के जरिये 448 उद्यमियों ने 137760 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। ओडीओपी स्कीम में 187, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में 154 और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 105 उद्यमियों को मार्जिन मनी बांटी गयी है। इस अवसर पर सूचना विभाग की पुस्तिका का विमोचन और ओडीओपी योजना में पात्रों को टूल किट का वितरण हुआ। पत्रकार वार्ता में विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह एवं टी. राम, भाजपा जिला-महानगर अध्यक्ष, डीएम एस. राजलिंगम, सीडीओ हिमांशु नागपाल भी थे।
जनपद में यह हैं निर्माणाधीन परियोजनाएं
एनएच-19 वाराणसी-औरंगाबाद मार्ग का 6 लेन चौड़ीकरण 2884 करोड़, रिंग रोड फेज-2 पैकेज-2 संदहा से अलीनगर एनएच-19 तक निर्माण 949 करोड़, एनएच-56 वाराणसी से जौनपुर तक 4 लेन चौड़ीकरण 819 करोड़, मोहनसराय-कैंट मार्ग 6 लेन चौड़ीकरण-सुदृढ़ीकरण 412.53 करोड़, वाराणसी-भदोही मार्ग 8.6 किमी 4 लेन चौड़ीकरण-सुदृढ़ीकरण 269.10 करोड़, कचहरी-आशापुर-संदहा मार्ग 4 लेन चौड़ीकरण-सुदृढ़ीकरण 241.80 करोड़, कालीमाता मंदिर- वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग 4 लेन चौड़ीकरण-सुदृढ़ीकरण 218.66 करोड़, पड़ाव-टेंगरा मोड़ रामनगर तक 6.85 किमी 4 लेन चौड़ीकरण-सुदृढ़ीकरण 198.54 करोड़, शिवपुर-फुलवरिया-लहरतारा 4 लेन तथा उस पर 2 आरओबी 4 स्पेशल एवं 5 सी निर्माण 325.59 करोड़, कज्जाकपुरा आरओबी 144.53 करोड़, बाबतपुर में आरओबी 32.77 करोड़, सारनाथ बौद्ध सर्किट विकास 72.63 करोड़, पंचकोशी परिक्रमा यात्रा मार्ग विकास 39.20 करोड़, पावन पथ निर्माण 24.32 करोड़, पांच वार्डों की विकास 27.33 करोड़ आदि।