कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ठग कहा है। राहुल ने सोमवार को दिल्ली सामाजिक संगठनों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री के लिए यह शब्द कहे। कॉन्सिट्यूशन क्लब में हो रही इस मीटिंग में स्वराज इंडिया के चीफ योगेंद्र यादव भी मौजूद थे।
मीटिंग के दौरान राहुल गांधी से यूपी के हालात पर सवाल किया गया। इस पर राहुल ने जवाब दिया कि कोई भी धर्म उत्तर प्रदेश में हिंसा को बढ़ावा नहीं दे रहा है। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी भाषा के चलते धार्मिक नेता नहीं कहे जा सकते। सिर्फ भगवा पहन लेने से कोई धार्मिक नेता नहीं हो जाता। माफी चाहूंगा, लेकिन आदित्यनाथ कोई धार्मिक नेता नहीं, बल्कि सामान्य से ठग हैं। भाजपा उत्तर प्रदेश में अधर्म फैला रही है।
राहुल से सवाल हुआ कि UP में जो धर्म की आंधी चल रही है, उस पर क्या कहेंगे। उन्होंने जवाब दिया- उत्तर प्रदेश में धर्म की आंधी नहीं है। मैंने इस्लाम पढ़ा, ईसाई धर्म पढ़ा, बौद्ध धर्म पढ़ा, हिंदू धर्म जानता हूं। कोई भी धर्म नफरत फैलाने को नहीं कहता है। जैसे ही कोई तपस्या करना बंद कर देता है, वह भ्रम की स्थिति में चला जाता है। कांग्रेस तपस्वियों की पार्टी है, भाजपा और संघ इसके उलट चलती हैं। भारत जोड़ो यात्रा पहला और छोटा कदम है। आगे हम ऐसी और भी कोशिशें करेंगे।