Varanasi: वाराणसी के जवाहर नगर एक्सटेंशन (दुर्गाकुंड) गुरुधाम में रहकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा स्नेहा कुशवाहा की संदिग्ध मौत के मामले में वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने विशेष जांच कमेटी (SIT) का गठन किया है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, अखिलेश यादव ने की निष्पक्ष जांच की मांग
बिहार के सासाराम निवासी मृतका के परिजनों ने छात्रा की मौत पर कई तरह के आरोप लगाए थे। इसी बीच, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X (पहले ट्विटर) पर निष्पक्ष जांच की मांग की।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाला गिरफ्तार
इस मामले में भेलूपुर पुलिस ने अफवाह फैलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। भेलूपुर इंस्पेक्टर विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि फेसबुक पर भ्रामक तथ्य पोस्ट करने के आरोप में कंदवा बरईपुर निवासी विनोद यादव उर्फ नेता को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले से ही लंका और मंडुवाडीह थाने में हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर मामलों में नामजद है।
गिरफ्तार आरोपी ने फेसबुक पर झूठी जानकारी फैलाते हुए लिखा— “लॉज संचालक ने शर्मनाक कर्म करके छात्रा को जान से मार दिया। लॉज मालिक ने आपराधिक साथियों के साथ मिलकर डेड बॉडी जला दी। बिहार के सासाराम निवासी परिजनों को शव भी नहीं मिल सका। पुलिस पैसा लेकर लॉज के मालिक और उसके अपराधियों को बचाने में लगी है।”
इस भ्रामक पोस्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
Varanasi: छात्रा की मौत की जांच के लिए SIT गठित
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि छात्रा की संदिग्ध मौत की गहन जांच के लिए एक विशेष जांच कमेटी (SIT) बनाई गई है।
SIT टीम में ये अधिकारी शामिल:
एडीसीपी काशी जोन टी. सरवणन (अध्यक्ष)
सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) भेलूपुर डॉ. ईशान सोनी
क्राइम ब्रांच प्रभारी मनीष मिश्रा
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि SIT मामले की हर एंगल से जांच करेगी। गर्ल्स हॉस्टल में हुई घटना के पीछे की सच्चाई का खुलासा किया जाएगा। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की बारीकी से जांच होगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

