Varanasi: समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह शुक्रवार को वाराणसी के अस्सी घाट पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने काशी में चल रही बुलडोजर कार्रवाई को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। जूही सिंह ने कहा कि विकास के नाम पर काशी की संस्कृति और विरासत को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिसे समाजवादी पार्टी कभी स्वीकार नहीं करेगी।
समाजवादी पार्टी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह ने आगे कहा कि रानी अहिल्याबाई होल्कर से जुड़े मंदिरों और दालमंडी क्षेत्र (Varanasi) में हो रही तोड़फोड़ विकास नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत का विनाश है। उन्होंने कहा, “यह उत्तर प्रदेश की संस्कृति है, इसे हम हर हाल में बचाकर रहेंगे।”
SIR को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप
वाराणसी (Varanasi) में जूही सिंह ने SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में भारतीय नागरिकों के अधिकारों का हनन हो रहा है। सपा इसकी हर स्तर पर विरोध करेगी।
बसपा सुप्रीमो मायावती द्वारा अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने के ऐलान पर जूही सिंह ने कटाक्ष करते हुए कहा कि क्या मायावती जी का बीजेपी से गठबंधन टूट गया है? उन्होंने इशारों में कहा कि जनता सब देख और समझ रही है।
ए.आर. रहमान के बयान पर सपा की प्रतिक्रिया
ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान द्वारा मुस्लिम होने के कारण काम न मिलने के आरोप पर जूही सिंह ने कहा कि सरकार को ऐसे प्रतिष्ठित लोगों की आवाज को गंभीरता से सुनना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि हमारे देश में लोग डर क्यों रहे हैं? आखिर ऐसा माहौल क्यों बन रहा है?
Varanasi: ED की कार्रवाई पर सपा का आरोप
पश्चिम बंगाल और झारखंड में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को लेकर जूही सिंह ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज ईडी का हाल भी चुनाव आयोग जैसा हो गया है। सभी सरकारी संस्थाएं बीजेपी के लिए काम कर रही हैं।
जूही सिंह ने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी काशी (Varanasi) की संस्कृति, नागरिक अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

