Varanasi: 27 दिनों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के बाद सोमवार को परिषदीय विद्यालयों के खुलते ही स्कूल परिसरों में एक बार फिर बच्चों की चहल-पहल लौट आई। जिले के विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में छात्रों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। चौबेपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय चंद्रावती में पहले दिन का माहौल विशेष रूप से आकर्षक रहा, जहां शिक्षिका डॉ. सुमन कुमारी के नेतृत्व में बच्चों के स्वागत की विशेष तैयारी की गई थी।
विद्यालय (Varanasi) के मुख्य द्वार को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया था तथा प्रवेश द्वार पर “वेलकम” संदेश लिखे पोस्टर लगाए गए थे। विद्यालय पहुंचने वाले बच्चों का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। स्वागत समारोह के दौरान बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। वही खंड शिक्षा अधिकारी नागेंद्र सरोज ने बताया कि विद्यालय खुलने से पूर्व सभी प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए गए थे। निर्देशानुसार विद्यालयों की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं पहले ही सुनिश्चित कर ली गई थीं, ताकि नए शैक्षणिक सत्र के प्रथम दिन बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Varanasi: पठन-पाठन सुचारू रूप से संचालित
उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों में समय से शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ कर दी गई हैं और बच्चों का पठन-पाठन सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। हालांकि पहले दिन अधिकांश प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में छात्र संख्या अपेक्षाकृत कम दिखाई दी।
शिक्षकों ने बताया कि भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण कई अभिभावकों ने बच्चों को विद्यालय नहीं भेजा। इसके अलावा कुछ बच्चे अभी भी अपने परिवारों के साथ ग्रीष्मकालीन अवकाश बिताने के लिए बाहर गए हुए हैं, जिसके कारण उनकी उपस्थिति कम रही।
शिक्षकों ने बताया कि अनुपस्थित बच्चों के अभिभावकों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया जा रहा है। साथ ही गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर अभिभावकों को विद्यालय खुलने की जानकारी दी जा रही है। शिक्षकों का कहना है कि आगामी कुछ दिनों में सभी बच्चे विद्यालय पहुंचने लगेंगे और छात्र संख्या सामान्य हो जाएगी। विद्यालय खुलने के पहले दिन बच्चों के उत्साह, शिक्षकों की तैयारियों और स्वागत कार्यक्रमों ने नए शैक्षणिक सत्र की सकारात्मक शुरुआत का संदेश दिया।

