वाराणसी। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर अशोक मुथा जैन के दामाद अनुभव सिंह ने UPSC एग्जाम में बाजी मारी है। संघ लोक सेवा आयोग के सिविल परीक्षा का रिजल्ट मंगलवार को जारी हो गया। आईपीएस अशोक मुथा जैन की बेटी पहले से ही एक आईएएस हैं, वहीं संघ लोक सेवा आयोग के सिविल सेवा परीक्षा 2022 में उनके दामाद अनुभव सिंह ने बाजी मारी है। अनुभव 34वीं रैंक हासिल करके आईएएस बन गए हैं।
अनुभव सिंह मूलत: लखनऊ के इंदिरा नगर के रहने वले हैं। वे अभी तक लखनऊ के नेशनल पीजी कॉलेज में पढ़ाते थे। उनकी पत्नी दीक्षा जैन (IAS) वर्तमान में फिरोजाबाद के सीडीओ के पद पर तैनात हैं। दीक्षा ने UPSC एग्जाम में 22वीं रैंक हासिल की थी।

वहीं यूपीएससी की परीक्षा में इस वर्ष ईशिता किशोर ने टॉप किया है। टॉप 4 में चार लड़कियों ने अपनी जगह बनाई है। पहली रैंक ईशिता किशोर को मिली है वहीं दूसरे नंबर पर गरिमा लोहिया, तीसरे स्थान पर उमा हारथी और चौथे स्थान पर स्मृति मिश्रा हैं। अभ्यर्थी अपना रिजल्ट upsc।co।in पर चेक कर सकते हैं।

