पुलिस अधीक्षक सोनभद्र (Sonbhadra) अभिषेक वर्मा द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत साइबर क्राइम पुलिस थाना सोनभद्र को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। मंगलवार को चुर्क पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस (Sonbhadra) अधीक्षक अनिल कुमार ने पत्रकार वार्ता कर मामले से रूबरू कराया।
प्रकरण में आवेदिका सुषमा गुप्ता पुत्री संजीव गुप्ता, निवासी म्योरपुर, थाना म्योरपुर, जनपद सोनभद्र (Sonbhadra) के साथ किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन कर स्वयं को CBI अधिकारी बताते हुए गाली-गलौज, धन की मांग, पैसा न देने पर जान से मारने की धमकी, न्यूड फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा मोबाइल हैक कर धन की उगाही करने का गंभीर अपराध किया गया। इस संबंध में थाना म्योरपुर पर मु0अ0सं0 153/2025, धारा 308(5) बीएनएस व 66-E आईटी एक्ट पंजीकृत किया गया था।
Sonbhadra: 4 अभियुक्त गिरफ्तार
महिला संबंधी अपराधों (Sonbhadra) में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस अधीक्षक द्वारा उक्त प्रकरण की विवेचना साइबर क्राइम पुलिस थाना सोनभद्र को सुपुर्द की गई तथा अभियुक्तों के गैंग के अनावरण हेतु निर्देशित किया गया। निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम को जनपद कानपुर नगर भेजा गया, जहाँ स्थानीय पुलिस के सहयोग से कानपुर कमिश्नरेट क्षेत्र से साइबर ठगी करने वाले संगठित गैंग का खुलासा करते हुए कुल 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
देशभर में साइबर ठगी
पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्तगण आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लालच देकर उनके नाम पर सिम कार्ड प्राप्त करते थे। सिम विक्रेता द्वारा अपने POS मशीन से वैध/अवैध रूप से सिम एक्टिवेट कर साइबर ठगों को सप्लाई की जाती थी। अश्लील वीडियो देखने के नाम पर लोगों को फंसाकर AI तकनीक से फर्जी न्यूड फोटो तैयार कर धमकी देकर धन उगाही की जाती थी। ब्लॉक हो चुके नंबरों को गुमशुदगी दर्शाकर पुनः एक्टिवेट कर अपराध में प्रयोग किया जाता था। अभियुक्तों द्वारा अब तक 100 से अधिक सिम कार्डों का प्रयोग कर देशभर में साइबर ठगी की गई है। जनपद सोनभद्र (Sonbhadra) के भी कई पीड़ितों की जानकारी सामने आई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुरेन्द्र कुमार (23 वर्ष) पुत्र जयप्रकाश निवासी मसवान, थाना रावतपुर, जनपद कानपुर, गोलू राजपूत (24 वर्ष) पुत्र सत्यपाल निवासी आवास विकास कॉलोनी, थाना कल्याणपुर, जनपद कानपुर नगर, मो0 जुनैद (24 वर्ष) पुत्र निजामुद्दीन निवासी 39/192 विकनगंज, जनपद कानपुर, अनुराग सिंह (26 वर्ष) पुत्र ज्ञानेन्द्र सिंह निवासी 293 गोपालपुर, थाना पनकी, जनपद कानपुर नगर के रूप में हुई.
वहीं अभियुक्तों के पास से 07 अदद मोबाइल फोन, विभिन्न व्यक्तियों के नाम से आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं विभिन्न बैंकों के खातों से संबंधित दस्तावेजों की बरामदगी हुई.

