IGRS: पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में Sonbhadra पुलिस ने एक बार फिर उत्कृष्ट कार्य किया। उत्तर प्रदेश सरकार के IGRS पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में माह फरवरी 2026 में पूरे प्रदेश में सोनभद्र ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। सोनभद्र पुलिस को 100 में से 100 अंक हासिल हुए हैं, जो जिले की प्रभावी कार्यप्रणाली और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
शिकायतों के निस्तारण को बेहतर बनाने के लिए समय-समय पर अधिकारियों द्वारा समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में आने वाली कमियों को चिन्हित कर उन्हें दूर किया गया। साथ ही आईजीआरएस (IGRS) सेल में तैनात कर्मचारियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए लगातार प्रोत्साहित किया गया, जिससे शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित हो सका।
IGRS: 22 थानों ने भी किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए सोनभद्र पुलिस ने पूरी लगन और मेहनत से कार्य किया, जिसका परिणाम यह रहा कि जनपद ने प्रदेश स्तर पर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। इतना ही नहीं, जनपद के सभी 22 थानों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के थानों की रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने आईजीआरएस (IGRS) से जुड़े सभी पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सोनभद्र पुलिस आगे भी इसी प्रकार जनहित को सर्वोपरि रखते हुए हर क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।

