UP News: बिहार के सीवान से दिल्ली जा रही डबल देकर बस और टैंकर में जबरदस्त टक्कर हो गई। यूपी के उन्नाव में घटित हुए इस हादसे में 18 यात्रियों के मौत की सूचना है। वहीं डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हैं। मृतकों में 14 पुरुष, 2 महिलाएं और 2 बच्चे शामिल हैं। घायलों का ईलाज चल रहा है। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर बांगरमऊ कोतवाली के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस की ड्राईवर साइड की बॉडी पूरी तरह से अलग हो गई। यात्री बस से बाहर गिर पड़े। उनकी वहीं मौत हो गई। हादसे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भोई वायरल हो रहे हैं। जिसमें चारों ओर लाशें सड़क पर लाशें बिखरी हुई नजर आ रही हैं। वहीं इन लाशों को देखकर एक पुलिसकर्मी बेहोश हो गया।
पुलिस के मुताबिक, दूध के टैंकर को ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हुआ है। इस दौरान बस बेकाबू होकर टैंकर को टक्कर मारते हुए पलट गई। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि बस में करीब 57 यात्री सवार थे। 19 घायलों का जिला अस्पताल में ईलाज चल रहा है। 5 गंभीर रूप से घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती किया गया है। 3 की अभी शिनाख्त नहीं हो पायी है।

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि बस का कागजों में दर्ज महोबा का पता फर्जी है। दिल्ली का रहने वाला चंदन जायसवाल पहाड़गंज से बसों को संचालित कर रहा था। जांच में बस का परमिट और बीमा भी नहीं मिला। बांगरमऊ सीओ अरविंद चौरसिया ने बताया कि बिहार के शिवहर जिले से ‘नमस्ते बिहार’ नामक बस चलती है। 22 सुरक्षित लोगों को अन्य बस से रवाना किया जा रहा है। DM ने मामले पर संज्ञान लेते हुए RTO को मामले में FIR के निर्देश दिए हैं।
उन्नाव CMO सत्यप्रकाश ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के लिए लखनऊ बलरामपुर से 5 डॉक्टरों की टीम आई है। एक घायल को कानपुर रेफर किया गया। जबकि 5 घायलों को लखनऊ रेफर किया गया है।
UP News: ड्राईवर को चेताया, लेकिन उसने एक न सुनी
बस हादसे में घायल यात्री शिवम ने बताया कि हादसे के वक्त बस में सभी सो रहे थे। बस की स्पीड काफी तेज थी। हम लोगों ने कई बार ड्राइवर से कहा भी था कि बस धीरे चलाइए, लेकिन वह नहीं माना। फिर अचानक बहुत तेज आवाज आई। मैं हड़बड़ा गया। देखा तो बस के शीशे टूट गए थे। लोग बाहर सड़क पर पड़े थे। हम लोग पीछे बैठे थे, इसलिए बच गए। बस सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भयानक की था कि सड़क पर लाशें ही लाशें दिख रही थीं।
ऐसा लगा जैसे भूकंप आ गया
बस में सवार यात्री मोहम्मद उर्स ने बताया कि मैं बिहार के शिवहर का रहने वाला हूं। हादसे के वक्त सो रहा था, तभी जोरदार आवाज हुई। ऐसा लगा भूकंप आ गया। मैं बस की दूसरी साइड बैठा था। बाल-बाल बच गया। मेरे हाथ में चोट आई है। एक अन्य घायल प्रदीप ने बताया कि हम सो रहे थे। कुछ समझ नहीं पाए। जब आंख खुली तो सब सड़क पर पड़े थे। टक्कर बहुत भीषण थी। हम लोग दूसरी तरफ बैठे थे, इसलिए बच गए।