UP के अमेठी से वाराणसी जंक्शन तक ट्रेन के माध्यम से वन्यजीव तस्करी का एक गंभीर मामला सामने आया है। ट्रेन संख्या 13006 पंजाब मेल में GRP (गवर्नमेंट रेलवे पुलिस) और RPF (रेलवे सुरक्षा बल) की संयुक्त कार्रवाई में एक व्यक्ति को लगभग 350 तोतों के साथ गिरफ्तार किया गया है।

UP: अमानवीय तरीके से बैग में भरे तोते
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी के पास से 8 छोटे बैग बरामद किए गए, जिनमें तोतों को बेहद अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। कई तोतों की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह कार्रवाई वन्यजीव (वाइल्डलाइफ) विभाग (UP) से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। सूचना थी कि आरोपी इन तोतों को अमेठी से वाराणसी जंक्शन (UP) होते हुए वर्धमान (पश्चिम बंगाल) ले जा रहा था, जहां इन्हें अवैध रूप से बेचने की आशंका है।

संयुक्त टीम ने ट्रेन के वाराणसी जंक्शन (UP) पर पहुंचते ही संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें बड़ी संख्या में तोते बरामद हुए। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और तोतों को वन्यजीव विभाग के सुपुर्द किया गया।
उपचार ने बाद प्रकृति में छोड़ने की तैयारी
अधिकारियों के अनुसार यह मामला वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कैंट जीआरपी प्रभारी ने बताया कि बरामद सभी तोतों को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और जल्द ही उन्हें प्राकृतिक वातावरण में छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस कार्रवाई को वन्यजीव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, वहीं रेलवे और वन्यजीव विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि यदि कहीं भी इस तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत संबंधित एजेंसियों को सूचना दें।

